मजालता में खाने पीने की वस्तुओं की जांच करते नायब तहसीलदार
- फोटो : UDHAMPUR
मजालता। नायब तहसीलदार मजालता नासिर हुसैन टाक ने शनिवार को मनवाल थलोरा बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खाद्य पदार्थों की जांच की।
उनकी टीम में शामिल अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि अगर खाद्य पदार्थों में मिलावट और उसकी गुणवत्ता में कोई कमी पाई गई तो नियम के अनुसार कार्रवाई होगी। साथ ही उन्होंने दुकानदारों से पॉलिथीन का प्रयोग न करने की सलाह दी। दीवाली के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर शिकंजा कसने के लिहाज से यह औचक निरीक्षण किया गया।
नायब तहसीलदार के दिशा निर्देश पर गठित टीम में सब इंस्पेक्टर पुलिस स्टेशन मजालता राहुल संब्याल, पटवारी थलोरा जतिंदर सिंह, लंबरदार थालोरा, आदि शामिल रहे। टीम ने सबसे पहले मनवाल थलोरा बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान बस स्टैंड पर फल, सब्जी विक्रेता, रेहड़ी, फड़ी, किराना, मिठाई की दुकानों, आदि का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सभी दुकानदारों से मास्क लगाने और दूरी बनाये रखने के निर्देश दिए।
नायब तहसीलदार ने चेतावनी दी कि अगर कोई भी दुकान पॉलिथीन का प्रयोग करते पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दुकानदारों को कड़े निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही दुकानदारों को दुकानों में मूल्य सूची भी लगाने को कहा। इस दौरान नायब तहसीलदार ने सड़क के आसपास रेहड़ी-फड़ी को हटाने का भी निर्देश दिया।