उधमपुर शहर के कल्लर इलाके में तारकोल डालने का काम करवाती यूईईडी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नगर परिषद के सख्त होने के बाद अर्बन एनवायरमेंटल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (यूईईडी) ने शहर में सड़कों व गलियों की मरम्मत शुरू कर दी है। शनिवार को कल्लर इलाके में सड़क पर तारकोल डालने का काम शुरू किया गया।
मरम्मत का काम शुरू होने के बाद शहरवासियों ने भी राहत की सांस ली है। पिछले दिनों नगर परिषद ने यूईईडी के सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के काम पर प्रतिबंध लगा दिया था। इस दौरान साफ कहा था कि पहले खुदाई कर बदहाल की गई सड़कों और गलियों की हालत को सुधारा जाए। उसके बाद ही नया काम शुरू किया जाए।
देविका परियोजना के अंतर्गत शहर में करीब 123 किलोमीटर लंबी सीवरेज पाइप लाइन बिछाई जा रही है। इसको लेकर करीब दो वर्ष से काम जारी है। अब तक विभाग ने 50 किलोमीटर से अधिक पाइप लाइन बिछा दी है, लेकिन इससे पूरा शहर परेशान है। पाइप लाइन बिछाने के बाद शहर की सड़कों व गलियों की महीनों तक मरम्मत नहीं की गई। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
इसको लेकर शहरवासी लगातार नगर परिषद से शिकायत कर रहे हैं। कई बार चेतावनी देने के बाद भी जब यूईईडी ने काम में सुधार नहीं किया तो कुछ सप्ताह पहले परिषद ने नए काम को बंद करवा कर साफ आदेश दिए कि पहले खुदाई कर बदहाल की गई सड़कों और गलियों की हालत सुधारी जाए। उसके बाद ही नए इलाके में पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू होगा।
इसके लिए परिषद ने प्रशासन के आदेश का भी विरोध कर दिया था। परिषद की सख्ती के बाद विभाग ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। कुछ दिन पहले डेढ़ वर्ष से बदहाल पड़ी सैरगाह रोड की मरम्मत शुरू की गई थी। और, शनिवार को कल्लर इलाके में सड़क पर तारकोल डालने का काम शुरू किया गया। इससे स्थानीय निवासियों ने बहुत राहत महसूस की है।