उधमपुर। मजालता तहसील के जखैनु गांव में घास चराई की जमीन पर सोशल फारेस्टरी की तरफ से तारबंदी करने पर लोग भड़क गए हैं। उन्होंने सोमवार को डीसी कार्यालय के बाहर सोशल फॉरेस्टरी विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर रोष जताया है। बताया कि वह कई सालों से इस जमीन पर मवेशियों को चरा रहे हैं, लेकिन अब विभाग ने तारबंदी कर परेशानी बढ़ा दी है। इसलिए मांग है कि तारबंदी को हटाकर राहत प्रदान की जाए।
ग्रामीणों ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे डीसी कार्यालय के बाहर सोशल फॉरेस्टरी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बताया कि खून ब्लॉक के जखैनु गांव में कई परिवार सालों से जमीन पर मवेशियों को चराते हैं। लेकिन कुछ दिन पहले सोशल फॉरेस्टरी की टीम ने पूरे इलाके की तारबंदी कर मार्ग बंद कर दिया है। अब ग्रामीणों के पास मवेशियों को चराने के लिए कोई जमीन नहीं है। सरकारी रिकार्ड में यह घास चराई की जमीन रही है, लेकिन अब सोशल फॉरेस्टरी इस पर हक जताने लगा है। तारबंदी के कारण मवेशियों को चराना मुश्किल हो गया है। विभाग के अधिकारी कोई बात सुनने को तैयार नहीं है। इसलिए परेशानी और मांगों को लेकर डीसी के पास पहुंचे हैं।