उधमपुर/रामनगर। गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल बसंतगढ़ में शिक्षकों की कमी से परेशान छात्रों ने वीरवार को लगातार तीसरे दिन भी अपना धरना प्रदर्शन जारी रखा। स्कूल में शिक्षकों की कमी को दूर करने की मांग को लेकर वीरवार को भी स्थानीय लोगों के साथ छात्रों ने समाज सेवक संजय कुमार की अध्यक्षता में कस्बे में एक विरोध जुलूस निकाला और मुख्य बाजार से होते हुए बसंतगढ़ स्टेडियम पहुंचे और यहां धरने पर बैठ गए।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शिक्षकों की कमी को लेकर शिक्षा विभाग के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। छात्रों ने बताया कि स्कूल में लंबे समय से इंगलिश, मैथ, राजनीति विज्ञान, इकनॉमिक्स, फिजिकल एजूकेशन, हिंदी और एजूकेशन जैसे जरूरी विषयों के शिक्षकों के सात पद खाली हैं। इसके अलावा मास्टर के दो पदों के अतिरिक्त सीनियर अस्सिटेंट, अकांउट अस्सिटेंट, लैब अस्सिटेंट, लाईब्रेरी अस्सिटेंट, जुनियर लाईब्रेरियन, जुनियर अस्सिटेंट के पद रिक्त हैं। इससे स्कूल में पढ़ने वाले करीब 400 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इसके लिए कई बार मांग उठाने के बाद भी शिक्षा विभाग इसपर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ऐसे में धरना प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा है। वीरवार को प्रदर्शन का तीसरा दिन है। अगर जल्द स्कूल में जरूरत के मुताबिक शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो वे इससे भी उग्र आदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे। वहीं छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलने पर एसडीएम वाहिद उर रहमान खान और एसएचओ सोहन सिंह के साथ मौके पर पहुंचे सीईओ उधमपुर अरविन कुमार कौल ने छात्रों की समस्याओं को सुना और मौके पर ही स्कूल के लिए राजनीति विज्ञान, हिंदी और शारीरिक शिक्षा विषय के तीन अस्थायी शिक्षकों की तैनाती कर दी। इसके साथ ही उन्होंने छात्रों को आश्वासन दिया कि 30 मई तक स्कूल में खाली पडे़ सभी लेक्चरर के पदों पर नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद छात्रों ने अपना धरना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।