उधमपुर/चिनैनी/पंचैरी। प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह ही जिला उधमपुर के विभिन्न इलाकों में बीते पांच दिन से लगातार जारी भारी बारिश व बर्फबारी का सिलसिला शनिवार को भी दिनभर रूक-रूक कर जारी रहा है। इस दौरान जहां जिला के मैदानी इलाकों में भारी बारिश हुई है, वहीं जिले के उच्च पवर्तीय क्षेत्र पंचैरी, चिनैनी, नत्थाटॉप, बसंतगढ, लाटी व आसपास के इलाकों में जमकर बर्फबारी हुई है। इससे जिला के चारों तरफ की पहाड़ी चोटियां बर्फ से लकदक हो गई हैं।
पंचैरी, चिनैनी, डूडू बसंतगढ, तथा लाटी में पेड़, पौधों सहित लोगों के घरों, मकानों, दुकानों व रोड़ पर खड़े वाहनों की छतें तक बर्फ से लद गईं हैं। इसकी वजह से तापमान में भारी गिरावट आई है। भारी शीतलहर व ठंड का प्रकोप बढने से आम लोगों सहित पशु-पक्षी भी ठंड से ठिठुर गए हैं।
भारी बारिश के चलते जिला मुख्यालय में भी ठंड का प्रकोप बढ़ने से शनिवार को नगर के बाजारों में भी वीरानगी छाई रही। वहीं शनिवार को जहां नत्थाटॉप में चार फुट तक हिमपात हुआ है, वहीं पटनीटॉप में दो फुट तक बर्फबारी दर्ज की गई है। इसके अलावा शनिवार को चिनैनी कस्बा में भी हिमपात हुआ है। इससे कस्बे में भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई हैं।
बारिश व हिमपात के कारण कई पंचैरी, मौंगरी, बसंतगढ़ सहित जिब क्षेत्र के कई इलाकों में लोगों को बिजली, व पेयजल आपूर्ति ठप होने की समस्या से दोचार होना पड़ा है। इसके अलावा कई ग्रामीण इलाकों में लिंक मार्गों पर भूस्खलन के कारण सड़क संपर्क में बाधा पेश आने से लोगों को यातायात संबंधी परेशानियां भी सहनी पड़ी हैं।