कटड़ा। मांगें पूरी नहीं होने पर रेलवे कर्मियों के सब्र का बांध टूट गया। वीरवार को उन्होंने उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन शाखा के प्रधान नीलेश कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। इस दौरान रेलवे कर्मियों ने मजदूर विरोधी नीतियों सहित मांगें पूरी नहीं होने पर सरकार और वरिष्ठ अधिकारी फिरोजपुर को जमकर कोसा है।
प्रदर्शन में आक्रोशित रेलवे कर्मियों ने प्रमोशन में देरी होना, फिक्सेशन में देरी, सीजी नियुक्ति में गड़बड़ी, आठ घंटे का ड्यूटी रोस्टर, गार्ड को कम तनख्वाह देना, एएलपी को लोको पायलट की तरह हार्ड रिस्क एलाउंस देना, टैक मैन को प्रमोट करना, मेडिकल डिस कैटेगरी कर्मियों को योग्यता अनुसार पोस्ट न देना आदि मांगें उठाई गईं। मजदूर यूनियन के सदस्यों ने श्री माता वैष्णो देवी रेलवे स्टेशन के सिंक लाइन परिसर में सरकार सहित सीनियर डीपीओ फिरोजपुर के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रधान ने कहा कि रेलवे कर्मियों की लंबित मांगों को जल्द पूरा किया जाए नहीं तो यूनियन आंदोलन को तेज करने के लिए मजबूर होगी। इस मौके पर यूनियन यूथ विंग के प्रधान लोकेश मीणा, कमलेश कुमार, अवतार सिंह, वीरेंद्र कुमार, पप्पू कुमार आदि कर्मी मौजूद रहे।