उधमपुर। शनिवार शाम को लापता हुए एक युवक का पता लगाने में लापरवाही करने का आरोप लगाकर युवक के परिजनों ने एक घंटे तक पुराने राजमार्ग को बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। रविवार दोपहर को एमएच चौक इलाके में पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पुलिस ने लापता युवक का लगाने के लिए गंभीरता से काम नहीं किया है।
इसलिए, उनको मजबूरन मार्ग को बंद कर प्रदर्शन करना पड़ रहा है। वहीं, पुलिस ने युवक को जल्द तलाश करने का आश्वासन देकर प्रदर्शन बंद करवाया। जब पुलिस ने मामले की जांच की तो पता चला कि युवक लापता नहीं हुआ था। वह अपनी मर्जी से कहीं चला गया था। उसकी शादी मर्जी के बिना करवाई जा रही थी। इसलिए, शनिवार शाम से वह घर नहीं आया। रविवार को प्रदर्शन खत्म होने के बाद पुलिस ने उसे लाटी से बरामद भी कर लिया।
दोपहर करीब डेढ़ बजे कुछ लोग एमएच चौक इलाके में पहुंचे और पुराने राजमार्ग को बंद कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। प्रदर्शन के शुरू होने के बाद देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रदर्शन के दौरान राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार शाम करीब छह बजे विशाल (21) मेटाडोर स्टैंड से लापता हो गया। जब वह घर नहीं पहुंचा तो उसके फोन पर संपर्क किया। पहले तो उसका फोन बंद था। लेकिन, कुछ समय के बाद फोन चालू हुआ, और उसने बताया कि उसको एक व्यक्ति ने पकड़ लिया है। उसने फोन पर उसे छुड़ाए जाने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद फिर से उसका फोन बंद हो गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस थाने की। लेकिन, अब तक पुलिस इसका कुछ पता नहीं लगा सकी है। पुलिस से जब भी पूछा गया, अधिकारियों ने उत्तर दिया कि पुलिस स्टेशन आ जाओ, पुलिस युवक का पता लगा रही है। पुलिस के झूठे आश्वासनों से परेशान होकर परिजनों ने प्रदर्शन करने की ठानी। प्रदर्शनकारियों को शांत करने के लिए पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही लापता युवक का पता लगाकर परिवार को सौंप दिया जाएगा। आश्वासन मिलने के बाद परिवार के सदस्यों ने प्रदर्शन बंद किया, और सभी पुलिस का सहयोग करने के लिए पुलिस स्टेशन पहुंच गए। कुछ समय बाद ही पुलिस को युवक के लाटी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने युवक को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया।
-------
घर घर कचरा उठाने वाली कंपनी में काम करता है युवक
उन्होंने बताया कि वह और उनका बेटा शहर में घर घर जाकर कचरा उठाने वाली कंपनी में काम करते हैं। विशाल कचरा उठाने वाला वाहन चलाने का काम करता है। सभी बेटे को लेकर चिंतित हैं, और पुलिस से मांग कर रहे हैं कि उसका जल्द पता लगाया जाए।
-----
युवक कहीं लापता नहीं हुआ था। वह अपनी मर्जी से कहीं चला गया है। प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद विशाल ने खुद परिवार से संपर्क किया, और बताया है कि वह अपनी मर्जी से उधमपुर से बाहर गया है। वह शादी के लिए रिश्ता करवाने से नाराज था। इसके बाद परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दी। अब पुलिस इस मामले को बंद कर रही है।
- चमन गोरखा, एसएचओ, उधमपुर
उधमपुर: अपनी मांगों को लेकर एमएच चौक में प्रदर्शन करते हुए.- फोटो : UDHAMPUR