उधमपुर: वार्ड नंबर 3 के लोगों द्वारा यूईईडी के खिलाफ किया गया प्रदर्शन तथा गलत तरीके से बनाया गया ?
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। शहर के वार्ड 3 के आदर्श कॉलोनी मोहल्ले में यूईईडी के कार्य से नाखुश लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यूईईडी बहुत गलत तरीके से काम कर रहा है। इससे उनके घरों को भी नुकसान पहुंचने लगा है।
सुबह करीब साढ़े 10 बजे लोगों ने यूईईडी के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान बिशन दास व अन्य लोगों ने बताया कि जब से यूईईडी ने सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया है, तब से उनका घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। अब तो उनके घरों के लिए खतरा पैदा होता जा रहा है। यूईईडी के ठेकेदार ने तंग गली में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई के दौरान कई मकानों की नींव तोड़ दी है। अब नाली का पानी नींव तक पहुंच रहा है। इससे मकान गिरने की भी आशंका है। यह केवल एक घर नहीं, बल्कि कई घरों के साथ किया है।
उन्होंने कहा कि अगर बारिश हो जाती है तो जलनिकासी न होने पर सारा पानी घरों में पहुंच जाएगा। नीरज शर्मा ने बताया कि कुछ स्थानों पर पाइप बिछाने के बाद उसमें कंक्रीट के साथ भरने की बजाय मिट्टी भरी जा रही है। इसके बाद गली की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। ठेकेदार की गलत कार्यप्रणाली के कारण गलियों में बनाई गए सेंट्रल ड्रेन को भी नुकसान पहुंचा है।
कहा कि पाइप लाइन बिछाने के साथ चैनल भी गलत तरीके से तैयार किए जा रहे हैं। लंबे समय तक इस कार्य के कारण परेशानी बनी रहेगी। इसलिए, आज सभी प्रदर्शन कर इस काम का विरोध कर रहे हैं। प्रशासन से मांग है कि यूईईडी को निर्देश दिए जाएं कि कार्यप्रणाली में सुधार करे और मकानों की सुरक्षा को ध्यान में रख कर ही काम किया जाए।