चिनैनी। पर्यटन स्थल पटनीटॉप में पर्यटन निदेशालय जम्मू की ओर से खाद्य शिल्प विकास का बुनियादी पाठ्यक्रम सोमवार को पडोरा में शुरू किया गया। इसमें पटनीटॉप के आसपास के लोगों को पर्यटन क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड विकास अध्यक्ष प्रकाश चंद मौजूद रहे, जिन्होंने शिविर का उद्घाटन किया। एक सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में गांव में ग्रामीण पर्यटन को लेकर बात की गई। साथ ही पटनीटॉप के आसपास के क्षेत्र के करीब 25 लोगों को फ्रंट ऑफिस वर्कर, रसोईया, वेटर व पर्यटन क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रशिक्षण दिया गया।
इस दौरान प्रखंड विकास अध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में होम स्टे योजना को लेकर उनका प्रयास जारी है, जिससे इस प्रशिक्षण में प्रमाण पत्र पाने वालों को कई लाभ मिलेंगे। कई युवाओं को रोजगार के साधन उपलब्ध होंगे। इसके बाद जल्द ही तीन माह का भी प्रशिक्षण शुरू करवाया जाएगा। कार्यक्रम में पर्यटन विभाग की ओर से इंचार्ज टूरिज्म ऑफिस बटोत, आदि लोग मौजूद रहे।