रामनगर। तहसील मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित बाबा वासुकीनाथ तरमयान मंदिर में रविवार को सात बिरादियों की संयुक्त वार्षिक मेल का आयोजन हुआ। इसमें हजारों लोगों ने मंदिर में माथा टेका और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।
मेल के दौरान मंदिर के बाहर मेले जैसा माहौल बन था, जहां कई तरह के स्टॉल लगे थे और लोग इनमें खरीदारी कर रहे थे। मंदिर में महोत्रा, पाधा, वर्मा, महासा, लोहार, राजपूत और ब्राह्मण बिरादरी की संयुक्त मेल का आयोजन किया गया था। इसको लेकर शनिवार रात को मंदिर में जागरण का आयोजन किया गया। जागरण के संपन्न होने के बाद रात को ही अखंड रामायण पाठ शुरू किया गया।
सुबह के समय अखंड रामायण पाठ का भोग डाला गया, और हवन की शुरूआत की गई। हवन में सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लेकर आहुति डाली। हवन के संपन्न होने के बाद कंजक पूजन हुआ। इस दौरान बिरादरियों के हजारों लोगों ने मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर को भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में हजारों लोग प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे।
मंदिर में लोगों की संख्या बढ़ने पर बाहर मेले जैसा माहौल बन गया था। विभिन्न प्रकार की वस्तुओं के स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें शाम तक लोग खरीदारी करते रहे। वार्षिक मेल को लेकर पीडब्ल्यूडी ने शनिवार को मार्ग की हालत को सुधार दिया था। इसलिए, लोगों को मंदिर तक पहुंचने में परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। साथ ही जल शक्ति विभाग ने पानी की पूरी व्यवस्था कर दी थी।
रामनगर में वार्षिक मेल के आयोजन कर बना मेले जैसा माहौल- फोटो : UDHAMPUR
रामनगर में आयोजित वार्षिक मेल में मंदिर में माथा टेके लोग- फोटो : UDHAMPUR