बच्चे की कोरोना जांच करती स्वास्थ्य कर्मी (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
कोविड संक्रमित मामलों में गिरावट के साथ रियासी जिला कोविड मुक्त हो गया है। जिले में कोई भी सक्रिय मामला नहीं है। इसके साथ जम्मू संभाग में जिला रामबन, पुंछ, किश्तवाड़, कठुआ, राजोरी और उधमपुर भी कोविड मुक्त होने की दिशा में बढ़ रहे हैं। इन जिलों में 3 से 8 ही सक्रिय मामले रह गए हैं।
कोविड की दूसरी लहर के महीनों बाद कोई जिला कोविड मुक्त हुआ है। हालांकि कोविड विशेषज्ञों के अनुसार कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन करना जरूरी है। इसी से संक्रमण से बचा जा सकता है। इस बीच प्रदेश में शुक्रवार को 152 नए संक्रमित मामले मिले।
प्रदेश के सभी बीस जिलों में दैनिक आधार पर प्रत्येक में 30 से कम मामले मिल रहे हैं। जम्मू में 27, श्रीनगर में 28, बारामुला में 27, बडगाम में 21, पुलवामा में 10 नए संक्रमित मामले मिले हैं। नए मामले लगभग स्थानीय स्तर के हैं, लेकिन संक्रमण का प्रसार कम होने से राहत दिख रही है। वहीं, सार्वजनिक स्थलों पर कोविड उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं किया जा रहा है।
जम्मू कश्मीर में वर्तमान में 1039 सक्रिय मामले रह गए हैं,इनमें कश्मीर संभाग से 785 मामले हैं। प्रदेश में दैनिक आधार पर 10 हजार के करीब कोविड परीक्षण किए जा रहे हैं। कोविड की तीन लहरों में अब तक 478083 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 4782 पीड़ितों की मौत हुई।