उधमपुर के संगूर इलाके में नालियां बंद होने पर गलियों में जमा हुआ पानी
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। सुबह करीब डेढ़ घंटे की तेज बारिश से शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव होने पर भड़के शहरवासियों ने यूईईडी पर रोष जताया। कहा कि यूईईडी की गलत कार्यप्रणाली के कारण सड़कों और गलियों में जलभराव हो रहा है। क्योंकि, यूईईडी ने खोदाई करने के बाद मलबा नहीं हटाया।
रविवार सुबह करीब आठ बजे शहर भर में डेढ़ घंटे तक बारिश हुई। इस दौरान विभिन्न हिस्सों में जलभराव हो गया। कई गलियों में इतना पानी जमा हो गया कि घरों से निकलना मुश्किल था। बारिश बंद होने के बाद शहरवासियों ने यूईईडी के खिलाफ रोष प्रकट किया। संगूर निवासी प्रद्युम्न सिंह ने बताया कि करीब तीन महीने पहले यूईईडी ने उनके मोहल्ले में सीवरेज पाइप लाइन बिछाई थी।
उन्होंने कहा कि इस दौरान खोदाई में निकला मलबा नालियों में चले जाने से नालियां पूरी तरह बंद हो गई हैं। इसके बाद यूईईडी ने न गलियों की मरम्मत की और न नालियों से मलबा हटाया। अब जब भी तेज बारिश होती है तो बारिश का पूरा पानी गली में जमा हो जाता है। विभाग के अधिकारियों से नालियों को खुलवाने के लिए कहा गया है, लेकिन वे सिर्फ आश्वासन देते हैं। काम नहीं करते।
इसी तरह सोभराज, प्रदीप कुमार, आदि ने बताया कि यूईईडी की लापरवाही के कारण सभी सड़कें कीचड़ में तब्दील हो गई हैं। इनकी अभी तक मरम्मत नहीं की गई है। अपनी परेशानी कई बार नगर परिषद के सामने भी रखी है, लेकिन कोई गंभीरता से नहीं लेता। उनकी मांग है कि जिला प्रशासन इसको लेकर यूईईडी को कुछ निर्देश दे।
उधमपुर के संगूर इलाके में नालियां बंद होने पर गलियों में जमा हुआ पानी- फोटो : UDHAMPUR