चिनैनी। चिनैनी-कुद मार्ग पर चिनैनी-दोमेल के निकट सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से वाहनों के लिए परेशानी बढ़ गई है। उक्त स्थान पर यह मार्ग संकरा भी हो गया है, जिससे हादसे का डर बना रहता है। आए दिन यहां से गुजरने वाले अधिकारियों ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया है।
इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहनों की आवाजाही होती है। स्थानीय निवासी वरुण देव, विक्रम सिंह, वीर कुमार, आदि ने बताया कि पिछले कुछ माह से चिनैनी-कुद मार्ग पर चिनैनी दोमेल के निकट सड़क का कुछ मीटर लंबा हिस्सा क्षतिग्रस्त पड़ा है। यह हिस्सा चढ़ाई पर है, जिससे कुद की ओर जाने वाले भारी वाहनों को इस स्थान से गुजरने के दौरान परेशानी होती है।
यदि कोई वाहन ऊपर से आ जाए तो भारी वाहन के लिए ब्रेक लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में डर लगा रहता है कि कहीं कोई दुर्घटना न हो जाए। बारिश में यह हिस्सा और भी खराब हो जाएगा। इसलिए, प्रशासन को इस पर अभी ध्यान देने की जरूरत है। गौरतलब है कि यही मार्ग पटनीटॉप, सनासर और कुद के अलावा गंडोले की ओर भी जाता है, जहां से पर्यटकों के अलावा राज्य के कई अधिकारी भी गुजरते हैं। फिर भी महीनों से टूटी पड़ी इस सड़क को ठीक नहीं करवाया गया।
चिनैनी कुद मार्ग के बीच सड़क का कुछ मीटर क्षतिग्रस्त हिस्सा:- संवाद- फोटो : UDHAMPUR