धार रोड पर अवैध मेटाडोर स्टैंड से लग रहा जाम
सुबह से देर शाम तक लगा रहता है वाहनों का जमावाड़ा, शहरवासी हो रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
उधमपुर। पुलिस व प्रशासन की नाक के नीचे धार रोड पर कई अवैध मेटाडोर स्टैंड बन चुके हैं। इन मेटाडोर के कारण हर रोज धार रोड पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बन रही है। शहरवासियों को इसके कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जानकारी के बावजूद ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी कार्रवाई करने के बजाए नाके लगाकर चालान काटने का ही काम कर रहे हैं।
पूरे शहर में यातायात व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित है। शहर में जाम लगना आम बात बन चुकी है। सबसे बुरी स्थिति तो धार रोड पर बनी हुई है। सुभाष चौक से सलाथिया चौक तक करीब एक किलोमीटर लंबे धार रोड पर कई अवैध मेटाडोर स्टैंड बन चुके हैं। सुबह से लेकर रात तक धार रोड के विभिन्न हिस्सों में मेटाडोर को खड़ा देखा जा सकता है। दिन प्रतिदिन मेटाडोर की संख्या बढ़ती जा रही है और अब ऐसा लगने लगा है कि धार रोड पर कई मेटाडोर स्टैंड बन चुके हैं। इन मेटाडोर के कारण दूसरे वाहनों को निकलने के लिए स्थान नहीं मिलता तो जाम की स्थिति बन जाती है। कई बार तो जाम इतना ज्यादा लगता है कि दूसरे वाहनों को निकलने के लिए स्थान नहीं मिलता है।
रोड चौड़ा करने का नहीं मिला कोई लाभ
यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए करीब पांच वर्ष पहले धार रोड को चौड़ा किया गया था। इसको चौड़ा करने का शहरवासियों को बजाए मेटाडोर व अन्य यात्री वाहनों को ही मिला है। हर समय यहां यात्री वाहनों को खड़ा देखा जा सकता है, जबकि शहरवासियों को इससे कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इसके अलावा धार रोड के कई इलाके अतिक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्थिति से वाकिफ, कार्रवाई फिर भी नहीं
धार रोड के किनारे पर डीसी कार्यालय, जिला अदालत, एडीडीसी कार्यालय व अन्य कई सरकारी कार्यालय मौजूद हैं। हर रोज सरकारी अधिकारी भी इस परेशानी को देखते हैं, लेकिन किसी की तरफ से कोई प्रयास नहीं किए जाते हैं। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी इन मेटाडोर पर कार्रवाई करने के बजाए नाके लगाकर कर चालान काटने का ही काम करते हैं।
मेटाडोर के स्थायी स्थान की व्यवस्था करवाई जा रही है। इसके लिए कुछ स्थान का चयन किया गया है। मेटाडोर को खड़ा करने के लिए स्थायी स्थान की व्यवस्था होने के बाद धार रोड पर जाम की परेशानी भी दूर हो जाएगी।
लवकर्ण तनेजा, डीएसपी ट्रैफिक