कटड़ा। त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाए रहने से चॉपर सेवा दिनभर प्रभावित रही, जिस कारण ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले यात्रियों को सुविधा का लाभ नहीं मिला है। वहीं, वीकेंड पर मां वैष्णो देवी की यात्रा में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। शनिवार शाम सात बजे तक करीब 12 हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
जानकारी के अनुसार धर्मनगरी कटड़ा में शनिवार सुबह से ही बादल छाए रहे। वहीं, त्रिकुटा पर्वत पर दिनभर धुंध छाई रही, जिससे कस्बे और भवन में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। इस कारण दर्शन के लिए यात्रियों को उमस से राहत मिली है। उधर, त्रिकुटा पर्वत पर धुंध छाए रहने से चॉपर सेवा दिनभर प्रभावित रही। इस कारण श्रद्धालुओं को पैदल, घोड़ा और पिट्ठू के माध्यम से ही यात्रा पूरी करनी पड़ी है। इस दौरान भवन मार्ग, कस्वा और दरबार मां के जयकारों से गूंजता रहा। बैटरी कार और रोपवे सुविधा भी दिनभर सुचारु रही। मौसम सुहावना होने के कारण भक्तों में काफी उत्साह दिया। पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार 16307 और शनिवार को करीब 15 हजार भक्तों ने दरबार में हाजिरी लगाई है। वहीं, रविवार शाम सात बजे तक करीब 12 हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।