उधमपुर/मजालता। मनरेगा के तहत पंचायतों के बकाया देनदारियों का भुगतान करने की मांग को लेकर शनिवार को पैंथर्स पार्टी की महासचिव मंजू सिंह की अध्यक्षता में खून ब्लॉक में ग्रामीण विकास परिसर के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इसमें क्षेत्र की महिला कार्यकर्ताओं, पंचो, सरपंचों के अलावा स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
उन्होंने मनरेगा की बकाया देनदारियां जारी नहीं किए जाने पर नाराजगी जताते हुए ग्रामीण विकास विभाग (आरडीडी) के कामकाज में बड़े पैमाने पर हुई धांधली का भी आरोप लगाया है। वहीं, इसकी उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग उठाई। आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पिछले पांच वर्षों से मनरेगा के तहत लंबित देनदारियों को तत्काल जारी करने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही पार्टी की महासचिव मंजू सिंह ने लंबे समय से मनरेगा की लंबित देनदारियों का भुगतान न होने पर चिंता जताई है। बताया कि इस कारण प्रभावित लोगों को काफी समस्या उठानी पड़ रही है। इस मौके पर धर्म सिंह बिट्टू, सरपंच राजेश शर्मा, करनैल सिंह, राजू शर्मा, फिरोज दीन आदि उपस्थित रहे।