उधमपुर में अक्षय नवमी पर पूजन करती महिलाएं
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिले में शुक्रवार को अक्षय नवमी का पर्व धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने विभिन्न स्थानों पर एकत्रित होकर सामूहिक आंवले के पेड़ को मूली, खिचड़ी, बैंगन, जल, दुध, धूप दीप, नैैवेद्य, आदि चढ़ा परिक्रमा कर पूजा की।
साथ ही भजन गाकर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं ने कहा कि हर साल कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की नवमी को अक्षय नवमी मनाई जाती है। शंकुतला देवी और बबली देवी आदि ने बताया कि इस पर्व को आंवला नवमी के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी तिथि से द्वापर युग का प्रारंभ हुआ था।
पौराणिक मान्यता के अनुसार पृथ्वी लोक में इस नवमी पर लक्ष्मी माता ने भगवान विष्णु और भोले नाथ की उपासना आंवले के रूप में की थी। आंवले में भगवान विष्णु और भोले नाथ निवास करते हैं। नवमी के दिन जो भी आंवले के पेड़ की परिक्रमा कर पूजा करता है, उसे इच्छित फल की प्राप्ति होती है। पूरे कार्तिक मास में आंवला के पेड़ को पूजने का विशेष महत्व है।