श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर में सुरक्षा बलों को आतंकवाद के मोर्चे पर शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। लश्कर-ए-ताइबा के एक आतंकी को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जबकि इसी संगठन के दो अन्य आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। बता दें कि इस वर्ष अभी तक करीब घाटी में 113 आतंकी मारे गए हैं। इनमें से आठ सितंबर महीने में ही मार गिराए गए हैं।
वीरवार देर रात करीब 11:30 बजे जम्मू-कश्मीर पुलिस को शोपियां जिले के रखामा गांव में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी जिसके आधार पर सुरक्षाबलों ने इलाके में संयुक्त अभियान चलाया। शुक्रवार सुबह करीब 2 बजे इलाके का घेराव किया गया। आतंकियों से कई बार आत्मसमर्पण करने की अपील की गई, लेकिन वह नहीं माने। लगातार फायरिंग करते रहे, सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई में तड़के करीब 5 बजे एक आतंकी को मार गिराया। आतंकी की शिनाख्त कुलगाम के रेडवानी बाला के मुजीब लोन के तौर पर हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वह लश्कर-ए-ताइबा से जुड़ा था और इलाके में आतंक फैलाने के साथ-साथ कई राष्ट्र विरोधी घटनाओं को अंजाम देने में भी सक्रिय था। वह हाल ही में सितंबर की शुरुआत में आतंकवाद में शामिल हुआ था। शोपियां पुलिस ने एक अन्य घटना में मुझगम जंक्शन पर नाका चेकिंग के दौरान लश्कर के सक्रिय आतंकी बाबापोरा निवासी कामरान बशीर हजाम को एक हैंड ग्रेनेड और 7.62 एमएम कैलिबर के 29 राउंड के साथ गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ जैनापोरा पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में सुरक्षाबलों ने एक संयुक्त ऑपरेशन में लश्कर के एक आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकी कुछ महीने पहले आतंकवाद में शामिल हुआ था। एक सूचना पर निकलूरा इलाके में सुरक्षा बलों ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान इलाके में सेब के बगीचे से एक आतंकी को दबोच लिया गया। उसकी पहचान निकलूरा के शमीम सोफी के तौर पर हुई है। पकड़ा गया आतंकी इसी साल जुलाई में आतंकवाद में शामिल हुआ था। उसके कब्जे से एक पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।