श्रीनगर। हुर्रियत कांफ्रेंस (एम) ने जम्मू-कश्मीर में मौजूदा राजनीतिक स्थिति को बेहद चिंताजनक और परेशान करने वाला करार देते हुए कहा कि घाटी में अतिरिक्त बलों की तैनाती ने लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है।
अलगाववादी संगठन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में मौजूदा राजनीतिक स्थिति बेहद चिंताजनक और परेशान करने वाली है। शहरों और कस्बों में बड़े पैमाने पर सशस्त्र बलों की अतिरिक्त तैनाती ने लोगों में दहशत और असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। इसके अलावा गिरफ्तारी, छापामारी, हत्याएं और मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन की नीति बेरोकटोक जारी है। विभिन्न क्षेत्रों में नियमित रूप से कार्रवाई भी की जाती है और पुरुषों और महिलाओं की अंधाधुंध तलाशी ली जाती है तथा उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। हुर्रियत ने कहा कि कश्मीर में मानवीय और राजनीतिक संकट गुजरते समय के साथ बदतर होता जा रहा है। जब तक संघर्ष को हल करने के मकसद से नहीं देखा जाता, इस बात की संभावना बहुत कम है कि स्थिति बेहतर हो जाएगी।