राजोरी। दुर्गा मंदिरों में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया। मंदिरों के सामने नारियल, फूल, माला की दुकानेें सज गईं। श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखा गया। लोगों ने घरों में भी मां की पूजा अर्चना कर सुख शांति की कामना की। हर ओर नजारा देखने लायक था। हर ओर भक्ति संगीत बज रहे थे।
जवाहर नगर के मां संतोषी और भोली माता मंदिरों और पलमा के संतोषी माता मंदिर में मां का दरबार सजाया गया। लोगों ने पूजा करने के साथ ही सुखी जीवन के लिए मां से मन्नतें मांगीं। उक्त मंदिरों में दिन भर भक्तों का तांता लगा रहा। हर कोई अपने तरीके से मां को खुश करने में लगा रहा। अधिकांश लोग व्रत भी रहे। घरों में पूजा-अर्चना का सिलसिला सुबह से ही प्रारंभ हो गया। इसमें महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। भोली माता मंदिर में मां के भक्त श्रीश्री दिलबाग जी महाराज की ओर से गीत संगीत के बीच मां की महिमा का बखान किया गया। उन्होंने मां के विविध रूपों का बखान किया। कहा कि मां की पूजा से आत्मिक शांति और सकून मिलता है। मां के ध्यान से भक्तों के सारे कष्ट व संकट कट जाते हैं।