राजोरी। जम्मू और कश्मीर टीचर्स फोरम ने कश्मीर घाटी में शिक्षकों की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने तत्काल हत्यारों को गिरफ्तार करने की मांग की है। शुक्रवार को राजोरी में फोरम के बैनर तले एकत्र हुए शिक्षकों ने दावा किया कि सभ्य समाज में इस तरह की बर्बर हरकत को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। जेकेटीएफ इकाई राजोेरी ने नृशंस हत्याओं के खिलाफ डाक बंगला राजोेरी के पास चिल्ड्रन पार्क में एक कैंडल मार्च निकाला और मृतक निर्दोष शिक्षकों के परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की।
जेकेटीएफ ने सरकार से सुरक्षा और आवश्यक कार्रवाई की अपील की। इसके अलावा शिक्षकों ने आगे विशेष रूप से शिक्षण समुदाय और जेके यूटी के कर्मचारियों को लेकर चिंता व्यक्त की और भविष्य मे उन की सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए एडीसी राजोेरी को एक ज्ञापन सौंपा। उधर इस्लामिक वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन ने हत्या की निंदा की। अध्यक्ष शफकत मीर ने कहा कि सभ्य समाज में ऐसी किसी भी घटना के लिए कोई जगह नहीं है।