सुंदरबनी। गांव मिस्योट में वन विभाग की तरफ से शुक्रवार को अग्नि जागरूकता शिविर लगाया गया। इस दौरान लोगों को गर्मी में जंगल में आग लगने से बचाने के लिए जागरूक किया गया।
कंजरवेटर फारेस्ट विवेक वर्मा की अध्यक्षता में मिस्योट में लगाए गए शिविर में एडीसी विनोध कुमार वहनाल, डीएफओ नीलिमां शाह, डीडीसी संगीता शर्मा, बीडीसी स्योट बाल कृष्ण शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनकी मौजूदगी में रेंज अधिकारी राकेश वर्मा ने कहा कि गर्मी में जंगल में लगने वाली आग पर काबू पाने के लिए बीते वर्ष भी लोगों ने काफी सहयोग देकर वन संपदा को आग से होने वाले नुकसान से बचाया था। उन्होंने कहा कि अब जब गर्मी शुरू हो चुकी है और जंगलों के पास रहने वाले लोगों को अपनी जमीनों में भी आग नहीं लगानी चाहिए, जिससे आग पास के जंगलों तक पहुंच सकती है। अगर कहीं पर जंगल में आग लग जाती है तो जंगलों के पास रहने वाले लोगों की जिम्मेदारी बनती है कि वह हरे सोने को आग की भेंट चढ़ने से बचाने में विभाग का सहयोग करें।
इस मौके पर कंजेरवेटर आफ पौरोस्ट विवेक वर्मा ने कहा कि जंगलों के पास रहने वाले लोग तो जंगलों के ऊपर निर्भर हैं, अगर जंगल आग की भेंट चढ़ते हैं, तो इससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ने के कारण तापमान में भी बढ़ोतरी हो जाती है। ऐसे में हर नागरिक का फर्ज बनता है कि पृथ्वी के इस हरे सोने को आग से बचाने में वन विभाग का सहयोग करे। उन्होंने कहा कि पंचायती नुमाइंदों का सहयोग लेकर विलेज फारेस्ट कमेटियों का गठन करके जब भी कहीं जंगलों में आग लगेगी तो उनका सहयोग भी लिया जाएगा।