पुंछ जिले के मेंढर में वीर नारियों की सुध लेने के अधियान में सेना के अधिकारी उनके घरों में पहुंच
- फोटो : POONCH
पुंछ। देश के लिए बलिदन देने वाले वीर सैनिकों की विधवाओं, वीर नारियों की देख भाल एवं उन्हें अपनेपन का अहसास दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को सेना की मेंढर गनर की तरफ से वीर नारियों के लिए अभियान चलाया गया। इस दौरान सेना के अधिकारी मेंढर के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाली वीर नारियों के घर पहुंचे।
उन्होंने न सिर्फ इनसे मुलाकात की, बल्कि उनका मौके पर ही स्वास्थ्य जांचा। उन्हें उचित दवाइयां दीं। उनकी समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें अपने पास डायरी में नोट किया, ताकि उनको उच्च अधिकारियों तक पहुंचा कर उनका निवारण कराया जा सके। इस अवसर पर सेना की तरफ से उपहार भी भेंट किए गए।
वीर नारियों का कहना था कि जहां हमें देश के लिए प्राणों की आहुतियां देने वाले अपने पतियों पर गर्व है, वहीं हमें सेना पर भी मान है। जो समय-समय पर हमारे पास पहुंच कर हमारी सुध लेती हैं। हमारी परेशानियों को दूर करती है। सेना कभी भी हमें इस बात का आभास नहीं होने देती कि हम अकेली हैं। इस अभियान के दौरान मेंढर गनर के अधिकारियों ने करीब एक दर्जन वीर नारियों से मुलाकात की।