पुंछ। देश की सत्ता पर आठ वर्ष बीत जाने को लेकर देश भर में भाजपा की तरफ से मनाए जा रहे सुशासन एवं विकास पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को भाजपा की तरफ से पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता में केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए उनका जन-जन तक प्रचार करने के लिए आयोजित कार्यक्रमों का ब्योरा दिया।
प्रेसवार्ता में भाजपा के जम्मू-कश्मीर के समन्वय पवन शर्मा, जिला प्रधान मोहम्मद रफीक चिश्ती, पूर्व एमएलसी प्रदीप शर्मा और अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। पवन शर्मा ने कहा कि पार्टी की तरफ से देश भर में 31 मई से सुशासन एवं विकास पखवाड़ा मनाया जा रहा है, जिसमें पार्टी के मंत्रियों, पदाधिकारियों को जन-जन तक केंद्र सरकार की तरफ से आठ वर्षों में किए गए कार्यों को पहुंचाना है। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में काफी विकास कार्य हुए हैं। आम जनता एवं गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं सफलता पूर्वक चलाई गई हैं, जिनमें कोरोना काल में शुरू किया गया मुफ्त राशन वितरण का क्रम दो वर्षों से जारी है।
किसानों के खाते में वर्ष में छह हजार रुपये डाला जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना में करोड़ों गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वालों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं। वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन में वृद्धि की गई है। सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, जिसमें जम्मू-पुंछ के लिए फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जाना था। परन्तु इस मार्ग पर फोरलेन सड़क हेतु वाहनों की संख्या कम होने के कारण सड़क को तीन लेन बनाया जा रहा है।
देश के साथ ही जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा विकास हुआ है। जहां दो एम्स स्थापित किए गए हैं। वहीं छह मेडिकल कॉलेज स्थापित किए हैं।