पुंछ। मेंढर के गांव अढ़ी में मंगलवार को देर शाम एक तेज रफ्तार वाहन से कुचल कार छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान छह वर्षीय मोबीन खान पुत्र मोहम्मद शफीक खान निवासी अढ़ी के रूप में हुई है। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने गांव से गुजरने वाले मेंढर-सुरनकोट मार्ग को जामकर कई घंटों तक प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी आरोपी वाहन चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। इस बीच रात्रि करीब आठ बजे मेंढर थाने से एसएचओ एवं अन्य अधिकारियों ने घटना स्थल पर पहुंच कर प्रदर्शनकारियों से बात कर बच्चे की मौत का मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक का पता लगा कर उसके खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके उपरांत प्रदर्शनकारियों ने मार्ग खोला और मार्ग पर यातायात बहाल हो पाया। इस मामले को लेकर बच्चे के दादा तुफेल खान का कहना है कि वह और उनका पोता सड़क किनारे घर की तरफ जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन सड़क किनारे कच्ची जगह पर चल रहे पोते को कुचलते हुए आगे निकल गई। इस बीच आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बच्चे को मेंढर उपजिला अस्पताल लाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।