कठुआ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शिक्षिका रजनी बाला को श्रद्धांजलि देते युनाइटेड स्कूल टीचर्?
- फोटो : KATHUA
कठुआ। अध्यापकों का प्रतिनिधित्व करने वाली संस्था जम्मू कश्मीर यूनाइटेड स्कूल टीचर्स एसोसिएशन (उस्ता) ने कश्मीर संभाग के सरकारी स्कूल में कार्यरत शिक्षिका रजनी बाला की हत्या पर गहरा दुख जताया है। बुधवार को एसोसिएशन के प्रांतीय प्रधान डॉ. शाशिपाल सिंह की अध्यक्षता में एकत्र हुए शिक्षकों ने शहीद शिक्षिका को पुष्पांजलि अर्पित की और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से घाटी में काम कर रहे शिक्षकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रांतीय प्रधान ने कश्मीर घाटी के जिला कुलगाम के गोपालपुरा स्कूल पर आतंकी हमले को निंदा करते हुए सरकार से घाटी में काम कर रहे शिक्षकों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से शिक्षकों व अन्य कर्मचारियों पर हमलों में काफी इजाफा हुआ है। हाल ही में श्रीनगर के ईदगाह इलाके में प्रिंसिपल सतीन्द्र कौर और उनके साथ काम कर रहे शिक्षक दीपक चंद मेहरा को स्कूल में मार दिया गया। अभी 12 मई को राहुल भट्ट नाम के लिपिक और मुदस्सर नाम के सिपाही को गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। ऐसी स्थिति में वहां तैनात शिक्षक और अन्य कर्मचारी मानसिक दबाव में काम कर रहे हैं। इससे उन्हें निजात दिलाना सरकार का दायित्व है। उन्होंने सरकार से ऐसी घटना न होने देने की अपील की। श्रद्धांजलि कार्यक्रम में एसोसिएशन के कठुआ प्रधान रत्न सिंह पठानिया, जिला सचिव बोध राज, जिला कोषाध्यक्ष प्रभात सिंह, हीरानगर प्रधान गणेश कुमार, सुभाषचन्द्र, यश पाल और शुभ नंदन शर्मा शामिल रहे।