बरवाल एथलीट्स क्लब की क्रॉस कंट्री रन में भाग लेते युवा, पुलवामा शहीदों की याद में आयोजित की गई थी
- फोटो : KATHUA
कठुआ। पुलवामा आतंकी घटना के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए क्रास कंट्री का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों युवाओं ने क्रास कंट्री में भाग लेकर राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण का प्रदर्शन किया। सोमवार को बरवाल एथलीट क्लब की ओर से 11 किलोमीटर क्रॉस कंट्री का आयोजन किया गया। वहीं, एथलीट क्लब कठुआ की ओर से 12 किलोमीटर की क्रास कंट्री आयोजित कर शहीदों के प्रति सम्मान प्रदर्शित किया गया।
बरवाल एथलीट क्लब की ओर से आयोजित क्रास कंट्री गांव बरवाल से शुरू होकर लोगेट तक और फिर वाया बरवाल, जंडोर, सौंथली, बुद्धि और फिर गांव बरवाल में समाप्त हुई। आयोजन में शामिल 100 एथलीटों में सबसे ज्यादा उत्साह इसमें शामिल बच्चों में दिखा। जिन्होंने न केवल दौड़ को पूरा किया बल्कि पूरे रास्ते भारत माता का जयघोष और पुलवामा शहीद अमर रहे के नारे लगाते हुए अपने साथियों में उत्साह भरा। इस अवसर पर बरवाल एथलीट क्लब के अध्यक्ष ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपने प्राणों की आहुति देकर देश की सेवा करने वाले हमारे राष्ट्रीय नायकों को श्रद्धांजलि देनी चाहिए।
वहीं, आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोट के साथ एथलीट क्लब कठुआ ने पुलवामा हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए 12 किमी क्रॉस कंट्री का आयोजन किया। जिसे सहायक आयुक्त राजस्व संदीप सियोत्रा, कर्नल डीके सिंह, लेफ्टिनेंट कर्नल जयदीप सिंह और आर्मी पब्लिक स्कूल जंगलोटे के संकाय सदस्यों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। कैप्टन सुनील चौधरी चौक से शुरू दौड़ में शामिल एथलीटों ने भारत माता की जय, देश के जवान अमर रहे और वंदे मातरम के नारे लगाते हुए आम लोगों को शहीदों की याद दिलाई। कार्यक्रम के समापन समारोह में डीसी एक्साइज रंजीत सिंह, सोम राज रघुवंशी सेवानिवृत्त डाइट प्रिंसिपल, एथलेटिक क्लब कठुआ के अध्यक्ष रवि कुमार जस्सल और विवेक शर्मा ने सभी प्रतिभागियों के साथ देश के महान शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
इसी क्रम में जिला की पहाड़ी तहसील बनी में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भाजयुमो और अभाविप द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित यात्रा में सैकड़ों युवा शामिल होकर पूरे कस्बे में लोगों को देश पर अपने प्राणों की आहुति देने वाले शूरवीरों की जानकारी दी। युवाओं ने इस दौरान भारत माता का जयघोष और शहीद जवान अमर रहे के नारे लगाते हुए शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि दी।