बसोहली। गर्मियों का मौसम शुरू होते ही तेंदुए ने पहाड़ी इलाकों में दस्तक देना शुरू कर दिया है। शीतल नगर ब्लॉक के सियालग में तेंदुए की आहट से यहां के लोग भयभीत हैं। वहीं तेंदुआ लोगों के मवेशियों को भी अपना शिकार बना रहा है। सियालग पंचायत के नायब सरपंच सुखदेव सिंह ने बताया कि एक ही दिन में तेंदुआ कई बार भिन्न-भिन्न मार्गों पर दिखाई दिया है। जिन मार्गों से बच्चे पैदल स्कूल जाते हैं, उन्हें भी स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है।
बीती रात तेंदुआ वार्ड संख्या चार में आकर भेड़ व बकरियों को अपना शिकार बना गया। ग्रामीण इलाके के लोगों ने वन्यजीव विभाग की टीम भेजकर इस तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि हर बार विभाग केवल झूठे आश्वासन व पटाखे दागकर चला जाता है। लेकिन तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है। लिहाजा तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगवाया जाए और उसे कैद कर विभाग अपने साथ ले जाए।