विभाग की ओर से रेस्ट हाउस में लगाया गया बोर्ड ।
- फोटो : KATHUA
हीरानगर। हीरानगर में लोक निर्माण विभाग के रेस्ट हाउस में राजनीतिक बातचीत संबंधित कार्यक्रमों की अनुमति न होने के बावजूद भाजपा के लिए यहां के दरवाजे खुल जाते हैं। जिस पर दूसरी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने आपत्ति जाहिर की है। दरअसल बुधवार को रेस्ट हाउस में भाजपा हीरानगर मंडल की ओर से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मंडल अध्यक्ष राजेंद्र बक्शी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, विपक्षी दलों ने रेस्ट हाउस में राजनीतिक बैठक को लेकर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
यूथ कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष गगनदीप ने कहा अगर रेस्ट हाउस में किसी भी तरह के राजनीतिक कार्यक्रम की इजाजत नहीं है तो सिर्फ भाजपा वालों को ही वहां बैठक करने की अनुमति कौन दे रहा है। उन्होंने कहा इससे स्पष्ट होता है कि विभाग भी सत्ता पक्ष पार्टी के आगे नतमस्तक है। उन्होंने कहा इससे पहले भी यहां पर भाजपा की ओर से कई राजनीतिक कार्यक्रम किए जा चुके हैं। वहीं सरपंच विनय शर्मा ने कहा विभाग की ओर से गेट पर जो बोर्ड लगाया गया है जिस पर साफ तौर पर लिखा है कि शादियों और राजनीतिक बातचीत संबंधित कार्यक्रमों के लिए यहां कोई अनुमति नहीं है। इसके बावजूद भाजपा के एक के बाद एक कई कार्यक्रम होने से स्पष्ट हो जाता है कि विभाग राजनीतिक प्रभाव में काम कर रहा है।
इस तरह के कार्यक्रमों की नहीं है अनुमति
विभाग के ऐईई सुनील बोगोई ने कहा रेस्ट हाउस में किसी भी तरह के राजनीतिक कार्यक्रम की अनुमति नहीं है। भाजपा की ओर से कोई कार्यक्रम यहां किया गया है इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है लेकिन अगर ऐसा हुआ है तो तय किए गए नियमों का उल्लंघन है।
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक करते भाजपा नेता व कार्यकर्ता। - फोटो : KATHUA