हीरानगर। प्रदेश में रिलायंस स्टोर खोलने के खिलाफ बंद की घोषणा पर उपमंडल के ज्यादातर बाजार बंद रहे। दुकानदारों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर गुस्सा जाहिर किया। कांग्रेस ने भी बंद का समर्थन किया और विभिन्न जगहों पर प्रदर्शन किए।
हीरानगर मोड़ पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व एमएलसी सुभाष गुप्ता ने कहा कि जब से जम्मू-कश्मीर राज्य को केंद्र शासित प्रदेश बनाया है, तब से यहां लोगों पर एक के बाद एक प्रयोग किए जा रहे हैं। पहले ही केंद्र सरकार महंगाई पर काबू करने में पूरी तरह से नाकाम रही है। अब इन लोगों के रोजगार छीनने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि रिलायंस स्टोर खुलने से प्रदेश के स्थानीय छोटे-बड़े व्यापारी पूरी तरह से खत्म हो जाएंगे। इसके बाद इनके लिए अपने परिवार का गुजर-बसर करना मुश्किल हो जाएगा। इन्हें खुलने से रोका नहीं गया तो आने वाला समय बेहद खतरनाक होगा।
चड़वाल में यूथ कांग्रेस ने भी प्रदर्शन किया और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष रोमी शर्मा ने कहा सोची समझी साजिश के तहत जम्मू के लोगों को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।
खुद को जम्मू का ठेकेदार कहने वाली भारतीय जनता पार्टी रिलायंस स्टोर खुलने पर पूरी तरह से चुप है। इससे जाहिर होता है कि जम्मू के व्यापारियों को खत्म करने के लिए भाजपा भी रिलायंस को पूरा सहयोग कर रही है। उन्होंने कहा कांग्रेसी इसका पूरा विरोध करती है और आगे भी करती रहेगी। वहीं बंद के समर्थन में चड़वाल, दियाला चक, छन्न अरोड़ियां, सांझी मोड़ आदि बाजार बंद रहे।