घगरोड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई पिकअप। संवाद
- फोटो : KATHUA
बसोहली। महानपुर बसोहली सड़क पर दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि 13 लोग घायल हुए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बसोहली सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया है। हादसे का शिकार हुए वाहन में सवार सभी लोग लखनपुर के धनौड़ से बसोहली के जंदरोटा इलाके में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे।
महिंद्रा पिकअप संख्या जेके08जी 8963, घगरोड़ के नजदीक तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सीएचसी बसोहली में भर्ती करवाया गया। जहां एक घायल ने दम तोड़ दिया। वहीं अन्य का इलाज जारी रहा। घायलों की पहचान 24 वर्षीय रंजू कुमार, 44 वर्षीय तरसेम लाल, 59 वर्षीय बिमला देवी, 40 वर्षीय रेखा, 52 वर्षीय माशु राम, 60 वर्षीय ओंकार चंद, 65 वर्षीय हंस राज, 35 वर्षीय राजेश कुमार, 33 वर्षीय मदन लाल, 60 वर्षीय पारस राम, 53 वर्षीय भोली देवी, 30 वर्षीय पममी देवी, 30 वर्षीय पुरषोत्तम सिंह, 34 वर्षीय रामपाल के रूप में हुई है। इनमे से ओंकार चंद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। 40 वर्षीय रेखा, 60 वर्षीय परसराम को जीएमसी कठुआ रेफर कर दिया गया। ओंकार चंद की मौत के बाद अस्पताल परिसर में परिजन रोत-विलखते रहे।
पीड़ित परिवार को राहत राशि देने के लिए होगी कार्रवाई
एडीसी बसोहली तिलक राज थापा ने बताया कि खंड चिकित्सा अधिकारी अनुराधा केरनी ने जानकारी दी है कि चार लोगों को जीएमसी कठुआ रेफर किया गया है। इसमें दो गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका जीएमसी कठुआ में उपचार चल रहा है और एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई है। एडीसी बसोहली ने बताया कि डीसी कठुआ राहुल यादव से इस संदर्भ में बात की गई है और उन्हें पीड़ित परिवार को राहत राशि देने की मांग की गई है।