बसोहली। द्रमण पंचायत में शुक्रवार को एक ठेकेदार ने सरकारी स्कूल की इमारत पर ताला जड़ दिया है। ठेकेदार ने इस स्कूल की इमारत का काम किया था, लेकिन लोक निर्माण विभाग ने एक साल बीत जाने के बावजूद उसके बकाए का भुगतान नहीं किया।
दरअसल, ठेकेदार बलवंत सिंह ने द्रमण इलाके के एक सरकारी स्कूल की इमारत का काम ठेके पर कराया था, जिसका भुगतान उसे अब तक नहीं किया गया। विभागीय अधिकारियों से भुगतान न होने से निराश बलवंत ने यह कदम उठाया है। स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस स्कूल की इमारत का काम जिस ठेकेदार बलवंत ने लिया था, उसने बीच में ही काम छोड़ दिया था। इसके बाद इस काम के लिए फिर से टेंडर कराया गया, और उसी ठेकेदार ने काम शुरू किया।
प्रधानाध्यापक ने बताया कि इमारत का काम कराए हुए ठेकेदार को एक वर्ष बीत चुका है, लेकिन आज तक उसे इस काम का पैसा नहीं मिला। लोक निर्माण विभाग ने ठेकेदार को यह काम सौंपा था। शिक्षा विभाग ने लोक निर्माण विभाग के चक्कर भी लगाए, लेकिन ठेकेदार को उसके काम का भुगतान नहीं किया गया।
शिक्षा विभाग के जेडईओ राम दास ने बताया कि स्कूल की इमारत पूरी तरह से असुरक्षित हो चुकी थी। इसलिए, लोक निर्माण विभाग ने टेंडर लगाया था। इस काम में कितना खर्चा हुआ? इसकी जानकारी शिक्षा विभाग और स्कूल के पास नहीं है। इमारत की जानकारी देते हुए राम दास ने कहा कि इमारत तो शिक्षा विभाग के पास ही है, लेकिन कागज अब तक नहीं मिले।
ठेकेदार बलवंत का जो पैसा बकाया है, उसके लिए विभाग के उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। जैसे ही फंड आएगा, ठेकेदार को उसका पैसा दे दिया जाएगा।
- राजेश सुंबरिया, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग