हीरानगर। उपमंडल में 75वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कस्बे, गांवों, बाजारों, चौक-चौराहों पर लोगों ने तिरंगा फहराकर आजादी का जश्न मनाया।
तहसील मुख्यालय में एसडीएम राकेश शर्मा ने तिरंगा फहराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश की उन्नति के लिए सबको मिलकर काम करना चाहिए। आपसी भाईचारा बनाए रखें। उसी से एक बेहतर समाज का निर्माण संभव है। इस मौके पर बॉर्डर डीएसपी सचित महाजन भी मौजूद रहे। चड़वाल के मुख्य चौक में ओमप्रकाश ने तिरंगा फहराया। इस मौके पर चौकी प्रभारी अरुण सलाथिया भी मौजूद रहे। यहां मौजूद लोगों ने हलवा और मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
सांझी मोड़ चौक में डीडीसी के सदस्य कर्ण कुमार ने तिरंगा फहराया। वहीं, दूसरी तरफ राजबाग थाने में एसएचओ भूपेंद्र सिंह ने जवानों के साथ गीतों पर नाच कर आजादी का जश्न मनाया।