कठुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के लेकर जारी चुनाव प्रचार शाम 5 बजे थम गया है। इसके साथ ही जिला के सात निर्वाचन क्षेत्रों में अपना भाग्य अजमा रहे प्रत्याशियों की सरगर्मियों पर विराम लग गया है। 27 जून को होने वाले मतदान पूर्व ही अब प्रत्याशियों द्वारा अपनी-अपनी जीत के दावे किए जा रहे हैं।
इस संबंध में जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व प्रधान व कठुआ टाउन निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी चरणजीत सिंह भोला ने पत्रकारवार्ता कर अपनी जीत के प्रति आश्वस्त होने का दावा किया। उन्होंने 11 निर्वाचन क्षेत्र वाली जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चार निर्वाचन क्षेत्रों में निर्विरोध प्रत्याशी की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इन निर्वाचन क्षेत्रों से एक ही प्रत्याशी का सामने आना उनके समाज की एकता का प्रतीक है। उन्होंने सात निर्वाचन क्षेत्रों में अपने समर्थक प्रत्याशियों के बारे में जानकारी देते हुए सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि मतदान करने के पहलेे वह प्रत्याशियों के बारे में भली प्रकार से जान ले और उसके बाद ही अपने मताधिकार का उपयोग करें। ऐसे लोगों को जिताएं जो हमारे समाज के लिए उपयोगी हों।