कठुआ। शहर के हटली मोड़ इलाके के सेंट जेवियर्स कांवेंट स्कूल में जांच के दौरान 11 विद्यार्थियों को संक्रमित पाया गया है। इसके बाद जिला प्रशासन ने स्कूल को बंद और सैनिटाइज करने के आदेश दिए हैं।
स्कूल प्रबंधन ने विद्यार्थियों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग को लिखा था। जिसके तहत कुल 83 विद्यार्थियों की कोरोना जांच की गई। रैपिड टेस्ट के दौरान 11 विद्यार्थियों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया है। इससे स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। फिलहाल सभी संक्रमित विद्यार्थियों को होम क्वारंटीन किया है। साथ ही प्रशासन ने स्कूल को अगले आदेश तक बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत वीरवार को स्कूल बंद रहा है। इसके अलावा स्कूल परिसर को सैनिटाइज कराने को भी कहा गया है।
उपायुक्त राहुल यादव ने बताया कि स्कूल प्रबंधकों की ओर से कक्षाएं चलाए जाने को लेकर स्वास्थ्य विभाग से विद्यार्थियों की जांच के संबंध में लिखा गया था। जांच में कुछ विद्यार्थियों को संक्रमित पाया गया है, जिन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया है। जबकि स्कूल प्रबंधकों को कोरोना गाइडलाइंन के अनुसार फिलहाल स्कूल बंद रखने और परिसर को सैनिटाइज कराने के निर्देेश दिए गए हैं।
ज्ञात रहे कि जिला आपदा प्रबंधन समिति की ओर से हाल के सप्ताह में ही 10वीं और 12वीं की कक्षाओं को चलाने की अनुमति दी गई है। जिसमें 10वीं के विद्यार्थियों के लिए कक्षा लगाने को लेकर रैपिड टेस्ट अनिवार्य किया गया है। वहीं, 12वीं कक्षा के 18 वर्ष से अधिक आयु के विद्यार्थियों के लिए टीकाकरण अनिवार्य है। उधर, स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद अभिभावक भी घबराए हुए हैं। इससे पहले कुछ दिन पहले हीरानगर के कान्हा चक के एक स्कूल में एक विद्यार्थी को संक्रमित पाया गया था।