सीबीएसई और जेकेबोर्ड की ओर से 12वीं परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। जम्मू यूनिवर्सिटी के अधीन आने वाले कॉलेजों में छह अगस्त से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है, जबकि सोमवार से साइंस कॉलेज और मंगलवार से परेड कॉलेज में पंजीकरण होंगे। कोविड के कारण इस बार प्रवेश परीक्षा नहीं हुई। इस बार युवाओं को 12वीं कक्षा की मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलेगा।
जम्मू यूनिवर्सिटी के बाद अब क्लस्टर यूनिवर्सिटी ने भी प्रवेश प्रक्रिया शुरू की। क्लस्टर यूनिवर्सिटी के आधीन आने वाले जीजीएम साइंस कॉलेज, गवर्नमेंट वुमन कॉलेज, सीपीएमआर कॉलेज ऑफ कॉमर्स और एमएएम कॉलेज में प्रवेश के लिए सोमवार से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। ऑनलाइन पंजीकरण 9 से 23 अगस्त तक पोर्टल पर हो सकेगा। पंजीकरण के बाद मेरिट सूची जारी होगी, जिसके आधार पर युवाओं को प्रवेश मिलेगा।
क्लास्टर यूनिवर्सिटी के कॉलेजों में छह हजार से अधिक सीटें हैं। यूजी के तीन वर्षीय कार्यक्रम में बीए, बीएससी, बीएससी होम साइंस, बीकॉम, बीबीए, बीसीए के लिए, वहीं पांच वर्षीय एमए, एमकॉम, एमएससी के लिए ऑनलाइन पंजीकरण होगा। जम्मू यूनिवर्सिटी के अधीन आने वाले कॉलेजों में प्रवेश के लिए पंजीकरण छह अगस्त से शुरू हो गया है।
यह भी पढ़ें- उप-राज्यपाल की दो टूक: कश्मीर सूफी संतों की भूमि है, आतंकवादियों और उनके समर्थकों के लिए कोई दया नहीं होगी
परेड वुमन कॉलेज में प्रवेश के लिए कल से पंजीकरण
परेड वुमन कॉलेज में 10 से 20 अगस्त तक ऑनलाइन पंजीकरण होंगे। पंजीकरण के बाद 22 अगस्त को पहली मेरिट सूची जारी होगी और 24 अगस्त तक दस्तावेजों की जांच की जाएगी। पहली मेरिट सूची में शामिल छात्रों को 25 से 26 तक प्रवेश शुल्क देना होगा। दूसरी मेरिट सूची 27 अगस्त को जारी होगी और सूची में शामिल होने वालों को 30 और 31 को अपना प्रवेश शुल्क भरना होगा।
आवश्यकता पड़ने पर तीसरी मेरिट सूची तीन सितंबर को जारी होगी। परेड वुमन कॉलेज में यूजी के छह विभिन्न संकाय में प्रवेश दिया जाएगा। आर्ट्स में 920 सीटें, मेडिकल के सभी स्ट्रीम में 330 सीटें, नॉन मेडिकल के सभी स्ट्रीम में 270 सीटें, बीसीए में 40 सीटें, बीकॉम में 280 सीटें, बीकॉम ऑनर्स में 80 सीटें हैं।