स्वतंत्रता दिवस के लिए एमए स्टेडियम में हो रहे मुख्य समारोह के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ मजबूत स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया करवाई जाएंगी। स्टेडियम के आठ गेटों से भीतर आने वाले लोगों को थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरना होगा। बुखार या अन्य किसी तरह के कोविड लक्षण मिलने पर उस व्यक्ति को वापस भेज दिया जाएगा।
इसके अलावा स्टेडियम के भीतर और बाहर एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसमें क्रिटिकल केयर एंबुलेंस भी होगी। जिला स्तर पर सभी ब्लॉकों में आपात सेवाओं को अलर्ट पर रखा जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी जम्मू डॉ. जेपी सिंह का कहना है कि एमए स्टेडियम में मुख्य समारोह के दौरान सभी लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग से जांच की जाएगी। इसके अलावा स्टेडियम के भीतर एक क्रिटिकल केयर सहित दो एंबुलेंस तैनात रहेंगी।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: जम्मू में एयरफोर्स स्टेशन पर वीरता पुरस्कार से सम्मानित लोगों के लिए कार्यक्रम का आयोजन
स्टेडियम के बाहर और ज्यूल क्षेत्र में अलग से एंबुलेंस तैनात होंगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य निदेशालय परिसर में एक एंबुलेंस को स्टैंडबाई रखा जाएगा। सभी ब्लॉक स्तर पर आपात प्रबंधन को मजबूत बनाने को कहा गया है। इसमें विशेषतौर पर इमरजेंसी यूनिटों में पर्याप्त चिकित्सा इंतजाम किए जाएंगे। इसके साथ पर्याप्त चिकित्सा स्टाफ की तैनाती रहेगी।