हाई सिक्योरिटी जेल में खुद को ब्लेड़ से जख्मी कर आत्महत्या करने का प्रयास करने वाले हार्डकोर आरोपी के पर्चा बयान के आधार पर जेल अधीक्षक सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अजमेर की सिविल लाइंस थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
सिविल लाइंस थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि मंगलवार रात्रि में हार्डकोर अपराधी इमरान ने ब्लेड़ से खुद को जख्मी करके आत्महत्या का प्रयास किया था। इमरान ने पर्चा बयान में कहा था कि जेल अधीक्षक ओमप्रकाश, जेलर स्वामी सहित दो अन्य उसे सुविधा शुल्क के लिए प्रताड़ित करते हैं। वहीं पूर्व में वह भ्रष्टाचार के मामले में गवाह भी था। उसे अपनी गवाही से पलटने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है। थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि इमरान के पर्चा बयान के आधार पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।