प्रतापगढ़। मामूली विवाद को लेकर दिनदहाड़े छात्रा के दोस्त संग आए बाहरी आधा दर्जन गुंडों ने विरोध करने वाले छात्र को मारने पीटने के दौरान कमरे में घुसकर गोली मार दी। गोली मारने के बाद असलहा लहराते हुए हमलावर फरार हो गए। सीने में दो गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल छात्र को जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को दो कारतूस के खोखे मिले। खबर भेजे जाने तक कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था।
नगर कोतवाली के पूरे नरसिंहभान निवासी रामदेव पाल ने अपना मकान किराए पर दे रखा है। उनके यहां रानीगंज थाना क्षेत्र के उगईपुर निवासी सुरेंद्र सरोज (16) पुत्र शिवलाल अपने बड़े भाई अमरेंद्र, बहन रिया व लक्ष्मी के साथ रहकर पढ़ाई करता था। भाई अमरेंद्र कोचिंग के साथ ही एक प्राइवेट स्कूल मेें शिक्षण कार्य करता था। सुरेंद्र देवकली स्थित वैली आफ साइंस कालेज में कक्षा 11 में पढ़ता है। वह बुधवार को स्कूल बंद होने के बाद कमरे पर आया। किराएदारों की मानें तो एमडीपीजी में रानीगंज की रहने वाली बीए फाइनल की छात्रा अपनी सहेली मालती निवासी बाबूगंज थाना अंतू व सरोज निवासी कोहड़ौर के साथ बगल के कमरे में रहती थी। करीब 11 बजे छात्रा के साथ दो युवक आए। दोनों युवक काफी देर तक छात्रा के साथ रहे। इस बीच किराएदारों ने मकान का मुख्य गेट बंद कर लिया।
सुरेंद्र व अन्य लोग उस छात्रा से युवकों के बारे में पूछताछ करने लगे। जिसे लेकर उनके बीच विवाद हुुआ। गेट का ताला खुलवाने के बाद दोनों युवक धमकी देते चले गए। अभी सुरेंद्र समेत अन्य लोग उस छात्रा से पूछताछ कर ही रहे थे कि दोनों युवक बाइक सवार अपने साथियों के साथ आ धमके। उनके हाथ में असलहे भी थे। गेट पर ही सुरेंद्र से मारपीट करने के साथ ही कुर्सी व सामान तोड़ने लगे। वह जान बचाकर भागा लेकिन हमलावरोें ने उसे कमरे के पास ही दबोच लिया। देखते ही देखते हमलावरों ने उसे दो गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े। जिसके बाद हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। गोली लगने से घायल सुरेंद्र को लेकर लोग अस्पताल की ओर भागे। तभी डायल 100 की टीम पहुंच गई। घायल छात्र को लेकर पुलिस अस्पताल पहुंचीं। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाहाबाद के लिए रेफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी राम आशीष यादव, शहर कोतवाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले पिस्टल के दो खोखे कब्जे में ले लिया। लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस लौट गई।