हत्या की यह कहानी है संबंधों को शर्मसार करने वाली। जिसमें एक युवक ने अपने दोस्त की पत्नी पर बुरी नजर रखी। उसे अपना बनाने के लिए दोस्त का ही कत्ल कर डाला और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।
वारदात भी ऐसी कि राजधानी की पुलिस को हिला डाला। जिसमें थानाप्रभारी सहित छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर होना पड़ा और दो पुलिसकर्मियों को निलंबित होना पड़ा। पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी राजू उर्फ लिंटोन विश्वास उम्र 23 साल निवासी कूचबिहार पश्चिम बंगाल हाल विश्वैश्वरैया नगर, गोपालपुरा बाइपास में रहता है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजू आपराधिक प्रवृत्ति का था। उसके खिलाफ पहले भी मुहाना थाना इलाके में छेड़छाड़, पोक्सो एक्ट और मारपीट का मुकदमा दर्ज है जिसमें कोर्ट में चालान पेश हो चुका है। इसी वजह से उसका पत्नी से तलाक हो गया था।
दोस्त की पत्नी को जयपुर में ही रोकने के लिए रची साजिश
- फोटो : Demo pic
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रफुल्ल कुमार के मुताबिक राजू की पश्चिम बंगाल निवासी कमल रॉय उम्र 26 साल से गहरी दोस्ती थी। ये दोनों जयपुर में विश्वैश्वरैया नगर में ही रहते थे। मृतक कमल हॉस्टल्स और घरों में खाना पकाने का काम करता था।
कई दिनों से राजू का कमल के घर आना जाना था। इससे राजू कमल की पत्नी पर गंदी नजर रखने लगा था। वह उसे अपना बनाना चाहता था। इसी बीच राजू को जानकारी मिली कि कमल रॉय अपनी पत्नी के साथ 15 जनवरी को जयपुर छोड़कर पश्चिम बंगाल जा रहा है।
तब उसे रोकने के इरादे से हत्या की साजिश रची और 10 जनवरी की रात को शिप्रापथ थाने के सामने हाउसिंग बोर्ड के सामने खाली भूखंड पर काफी शराब पिलाई। फिर टॉयलेट करते वक्त राजू ने कमल के सिर पर लोहे की रॉड से पांच-छह वार किए। लोहे की रॉड से वार करने से कमल की मौत हो गई। इसके बाद राजू ने अपनी गाड़ी से एक बोतल में पेट्रोल निकाला और मृतक कमल पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इसके बाद जोधपुर भाग गया। अगले दिन अधजला शव मिलने पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
जिस थानाप्रभारी पर गिरी गाज, उसी ने निभाया अहम रोल
- फोटो : Demo pic
वारदात के बाद पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल ने शिप्रापथ थानाप्रभारी संजय गोदारा समेत छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया था, लेकिन आरोपी राजू को पकड़ने में संजय गोदारा ने ही अहम रोल निभाया। मुखबिर की सूचना पर गोदारा के नेतृत्व में पुलिस टीम को जोधपुर भेजा गया।
वह यहां अपने परिचितों के पास आकर ठहरा था। जोधपुर के बासनी इलाके में पुलिस ने आरोपी राजू को धरदबोचा। यह भी सामने आया कि थानाप्रभारी संजय गोदारा 10 जनवरी को ड्यूटी पूरी कर रात करीब 11 बजे घर जा चुके थे। रात करीब 3 बजे सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। इसके बाद अगले दिन उनके खिलाफ कार्रवाई कर दी गई।