अजमेर जिले में पुलिस ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई कर चड्डी बनियान गिरोह के नाम से मशहूर पारदी गिरोह को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। यह कार्रवाई आदर्श नगर थाना पुलिस ने की।
गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हथियार व मिर्च पाउडर जब्त किया है। प्रारंभिक पूछताछ में गिरोह ने 50 से अधिक वारदातें कबूली है। आईपीएस मोनिका सैन ने बताया कि आदर्श नगर स्थित अंध विद्यालय के पास से वारदात की मंशा में घूम रहे चार पारदी गिरोह के सदस्यों को पकड़ा जबकि एक सदस्य भागने में कामयाब हो गया। उन्होंने बताया कि गिरोह ने एक मकान में वारदात का प्रयास भी किया था लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो सका। आईपीएस सैन ने कहा कि उक्त गिरोह वारदात के दौरान मिर्च पाउडर का प्रयोग करता है और अपने साथी को छुड़ाने के लिए गुलेल, देशी कट्टा आदि हथियार भी काम में लेते हैं।
उन्होंने कहा कि यह गिरोह मध्यप्रदेश राज्य के गुना जिले का है और अब तक राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, अजमेर सहित कई अन्य स्थानों पर 50 से अधिक वारदातें अंजाम दे चुका है। गिरोह के सदस्यों के कब्जे से 2 देशी कट्टे, 4 जिंदा कारतूस, 2 धारदार छुरी, गुलेल और मिर्च पाउडर जब्त किया है। गिरोह के सदस्यों का आपराधिक रिकाॅर्ड खंगाला जा रहा है।