नए साल के पहले ही दिन तेज रफ्तार कहर बनकर आई। जिससे एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद 24 लोग घायल हो गए। हादसा बस पलटने से हुआ।
यह दर्दनाक हादसा हुआ राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में। जहां बांसवाड़ा-उदयपुर हाइवे पर चिड़ियावासा गांव के पास तेज रफ्तार एक बस पिछला टायर फटने से अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद मिनी बस में सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। तब आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को सूचना दी और खुद ही मदद में जुट गए।
उन्होंने क्षतिग्रस्त बस में फंसी सवारियों को बाहर निकाला। फिर एंबुलेंस की मदद से महात्मा गांधी चिकित्सालय पहुंचाया। पुलिस के अनुसार हादसे में बस में सवार गंभीर घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। इनमें से 3-4 यात्रियों को गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया।