देवा (बाराबंकी)। चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध जीप को रोकने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बदमाश अंधेरे व कोहरे का फायदा उठा कर भागने लगे, मगर पुलिस ने घेरकर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास से दो अवैध असलहे व मादक पदार्थ बरामद हुए हैं। हमले में बाल-बाल बची पुलिस दोनों बदमाशों को पकड़ कर थाने ले आई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल रवाना किया है।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर देवा कोतवाली के उपनिरीक्षक हरदोष सिंह, दिनेश यादव, केशव सिंह की टीम ने देवा कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरैंया के निकट रेठ नदी के पुल पर शनिवार देर रात चेकिंग शुरू की। इसी दौरान सामने से आ रही जीप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगी, किसी तरह जब पुलिस जीप को रोक पाई तो उसके अंदर बैठे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी और गाड़ी से उतर कर अंधेरे का फायदा उठा कर भागने लगे। पुलिस ने उन्हें घेर कर पकड़ लिया और थाने ले आई। तलाशी के दौरान उनके पास से दो तमंचे, दो जीवित कारतूस तथा दोनों के पास से सौ-सौ ग्राम स्मैक बरामद हुई है। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों की पहचान फुरकान निवासी सरायमीर व अजमत अली निवासी थाना असंद्रा के रूप में हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों अपराधी किसी घटना को अंजाम देने के लिए जा रहे थे। लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते वह रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिए।