चुराई गई स्कूटी पर नंबर प्लेट बदलकर सरेराह महिलाओं का बैग लूटने और वाहन चोरी की वारदातें करने वाला एक शातिर युवक पुलिस की गिरफ्त में आया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटर और लूटा गया एक बैग बरामद किया है। जिसमें नकदी व एटीएम कार्ड सहित अन्य सामान रखा था।
जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी पूर्व कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक शर्मा उम्र 19 साल निवासी पंचायत विहार बी, गोनेर रोड लुणियावास थाना खोह नागोरियान है। रेलवे कॉलोनी, जगतपुरा निवासी वंदना विद्यार्थी ने खोहनागोरियान थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था कि वह गांधी नगर रेलवे स्टेशन के समीप एलआईसी आॅफिस में कार्यरत है।
गत 22 सितंबर को वह आॅफिस से अपने घर पहुंची। वह अपनी स्कूटी को खड़ा कर रही थी। तभी शाम करीब पौने 7 बजे एक्टिवा सवार एक युवक आया और झपट्टा मारकर वंदना के कंधे पर लटक रहा बैग छीनकर भाग निकला। केस की पड़ताल में जुटी पूर्व जिले की स्पेशल टीम को अभिषेक की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली।