हरमाड़ा इलाके में दौलतपुरा के पास पोखरियावाला गांव में सोमवार को एक व्यक्ति लकड़ियों से भरी ट्रॉली खाली करते वक्त भारी भरकम लकड़ियां गिरने से नीचे दब गया। वहां मौजूद लोगों ने हादसे के तुरंत बाद हरमाड़ा थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद लकड़ी के गट्ठर को हटवाकर नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकाला। तब तक उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार हादसे का शिकार राजकुमार मीणा करीब 35 साल का था। वह जमवारामगढ़ क्षेत्र के बासना गांव का रहने वाला था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कांवटिया अस्पताल में करवाया।
थानाधिकारी लाखन सिंह खटाना ने बताया कि राजकुमार सोमवार सुबह लकड़ी ट्रॉली भरकर पोखरिया वाला स्थित आरा मशीन पर खाली करने के लिए आया था। लकड़ियां खाली करते वक्त राजकुमार ट्रॉली के पीछे खड़ा था। तभी एक बड़ी लकड़ी के नीचे दब गया। जिससे उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस को सूचना दी।