जयपुर के कोटपूतली में अलवर बानसूर के एक युवक सुधीर जाट के साथ बेरहमी से मारपीट करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बर्थडे पार्टी के बहाने युवक को ले जाकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई। आरोपियों ने युवक के पैर तोड़ दिए।
पीड़ित युवक सुधीर चौधरी के भाई विजय चौधरी ने बताया शाम करीब चार बजे कुछ लड़के आए और जन्मदिन पार्टी के बहाने धोखे से बानसूर के गांव महनपुर घर से बुलाकर सुधीर को जयपुर में कोटपूतली तहसील के जयसिंह पुरा गांव के पास ले जाकर बेरहमी से लाठी डंडों से मारपीट की। मार मारकर उसे अधमरा कर दिया। मारपीट करने के बाद आरोपी युवक वहां से फरार हो गए।
पनियाला थाने में पीड़ित के पिता ने चार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया...
घायल युवक सुधीर जाट को कोटपूतली बीडीएम अस्पताल लाया गया। जहां से उसे जयपुर के लिए रेफर कर दिया है। आरोपी लक्की, अमित ने खुद के सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो वायरल कर सुधीर के घरवालों को मारपीट की जानकारी दी थी। पार्टी के बहाने युवक को घर से ले जाकर आरोपियों ने उस पर न सिर्फ लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बल्कि आरोपियों ने मारपीट की पूरी घटना को इंस्टाग्राम पर लाइव भी किया। पनियाला थाने में पीड़ित के पिता ने चार आरोपियों के खिलाफ गुरुवार को केस दर्ज कराया है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक सुधीर (28 साल) अलवर के बानसूर के महनपुर गांव का रहने वाला है। घायल के चाचा का लड़का 15 मार्च को शाम 4 बजे बर्थ-डे पार्टी में ले जाने के बहाने उसे कोटपूतली ले गया, जहां बदमाशों ने उस पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया। उसके हाथ-पांव तोड़ दिए। युवक को अधमरा कर बदमाश फरार हो गए। पीड़ित के पिता का कहना है कि सुधीर अपने चाचा के यहां आने वाले बदमाशों को टोकता था, इसलिए उस पर हमला किया गया है।
गैंग सरगना मोती जाट अपने चाचा के यहां फरारी काटने आता, तो टोकता था सुधीर...
बनवारी जाट ने बताया कि उसके भाई का लड़का मोती जाट बानसूर में एक गैंग का सरगना है। वह अक्सर अपने चाचा के यहां फरारी काटने आता रहता था। इस बात को लेकर सुधीर उसे कई बार टोकता था।करीब से 10 से 15 दिन पहले मोती अपने साथियों के साथ चाचा के यहां महनपुर आया था। इस पर सुधीर ने इन्हें टोका और कहा कि यदि इस बार यहां दोबारा फरारी काटने आए तो मैं पुलिस को बता दूंगा। इससे नाराज मोती बुधवार को अपने साथी केडी, लक्की और अमित के साथ सुधीर के यहां आया। यहां केडी के जन्मदिन की बात कहकर गाड़ी में बैठा घर से 3 बजे कोटपूतली के लिए निकले। बानसूर से उसे पनियाला थाना क्षेत्र के चेची का नांगल स्थित पहाड़ी पर ले गए और मारपीट शुरू कर दी। यहां सुधीर को बुरी तरह से लाठी और डंडों से पीटा गया। इस दौरान सुधीर बार-बार उसे छोड़ने की गुहार लगाता रहा, लेकिन इसके बाद भी बदमाशा उसे बेरहमी से पीटते रहे।
इंस्टाग्राम अकाउंट पर लाइव किया मारपीट का वीडियो...
पीड़ित युवक के चाचा के लड़के और उसके साथियों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सुधीर जाट के साथा मारपीट को लाइव दिखाया। जैसे ही ये वीडियो सुधीर के घरवालों तक पहुंचा, वो शाम करीब 4 बजकर 45 मिनट पर घटना स्थल पर पहुंचे। यहां पहाड़ी पर सुधीर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। जहां से परिजन उसे कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जयपुर रेफर कर दिया गया।
बानसूर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आरोपी बहरोड़ में गैंग के सरगना है। घायल सुधीर के ताऊ के लड़के विजय चौधरी ने बताया कि पीटने वाला आरोपी मोती जाट सुधीर के चाचा का लड़का है। आरोपी अमित, लक्की और केडी ने एमके ग्रुप के नाम से बहरोड़ में गैंग बना रखा है। घायल सुधीर के पिता एयरफोर्स से रिटायर हैं और अभी रेलवे में कार्यरत है। छोटा भाई सोनू केंद्रीय नवोदय विद्यालय में टीचर है। घायल सुधीर बहरोड़ के पास केशवाना में टॉवल बनाने की कंपनी में काम करता है।
हॉकी-लाठी देखी तो भागने की कोशिश की, लेकिन चाचा के लड़के ने पकड़ लिया...
घायल युवक सुधीर जाट ने बताया कि मुझे जन्मदिन मनाने के बहाने से मेरे चाचा का लड़का उसके दोस्तों के साथ लेकर गया था। मुझे बोला कि बर्थ-डे पार्टी है। लेकिन कार में बैठने के बाद जब मैंने हॉकी और लाठियां देखीं तो घबरा गया। मैंने भागने की कोशिश की थी, लेकिन मेरे ही चाचा के लड़के ने मुझे पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी। उसके बाद इतना पीटा की अधमरा कर दिया।