राजस्थान में हाल ही में हुई रीट परीक्षा को लेकर गहलोत सरकार हर तरफ से घिरती नजर आ रही है। रीट परीक्षा में धांधली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इस पर अब भाजपा भी सामने आ गई है। इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया ने राजस्थान रीट परीक्षा में धांधली की सीबीआई से जांच करवाने की मांग की है।
गहलोत सरकार से सीबीआई जांच की मांग
प्रदेश अध्यक्ष पूनिया ने गहलोत सरकार से मांग रखी कि शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा को जल्द बर्खास्त किया जाए और इस पूरे मामले की सीबीआई को जांच सौंपी जाए। नहीं तो भारतीय जनता युवा मोर्चा रीट परीक्षा मामले को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में आंदोलन करेगी और जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलगे तब तक भाजपा लगातार आंदोलन के जरिए आवाज उठाती रहेगी।
राजस्थान लोक सेवा आयोग बन चुका है कांग्रेस लोक सेवा आयोग
शिक्षा राज्यमंत्री गोविन्द सिंह डोटासरा पर आरोप लगाते हुए पूनिया ने कहा है कि अब तो डोटासरा को खुद नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि एसआई, आरएएस, जेईएन परीक्षाओं में भी बड़े स्तर पर घोटाले के मामले सामने आ चुके हैं जो बहुत बड़ी बात है।
प्रदेश अध्यक्ष पूनिया ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है, सरकार यह मानने को राजी नहीं कि पेपर लीक हुआ है, अगर नहीं हुआ तो इतने बड़े स्तर पर अधिकारियों-कर्मचारियों को क्यों बर्खास्त किया।
इंटरनेट बंद करने के बावजूद पेपर लीक नहीं रोक पाई सरकार
पूनिया ने कहा कि लाखों छात्रों के सपनों को ठेस पहुंची है। सरकार के पास कोई एक्शन प्लान नहीं है। इंटरनेट बंद करने के बावजूद सरकार पेपर लीक होने से नहीं रोक पाई। जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा के मद्देनजर जब इंटरनेट बंद किया जाता है तो कांग्रेस उस पर सवाल खड़े करती है, लेकिन राजस्थान में परीक्षा के लिए इंटरनेट बंद करने को सही बताती है।
क्यों रद्द होने के लगाए जा रहे हैं कयास
अभी तक की मिली जानकारी के मुताबिक, इस एग्जाम के दौरान कथित तौर पर नकल करने की कोशिश करने के आरोप में ब्लूटूथ उपकरण से लैस बनी चप्पलों के साथ पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
इसके अलावा राज्य के अन्य जिलों से भी कई परीक्षाकेंद्रों में उम्मीदवारों के नकल करते हुए पकड़े जाने को लेकर खबरे सामने आ रही हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों के मन में इस परीक्षा को लेकर अभी आशंका बनी हुई है।
स्टूडेंट्स का मानना है कि इस एग्जाम को रद्द कर नई परीक्षा तारीखों का ऐलान किया जा सकता हैं। लेकिन अभी तक इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान की ओर से कोई भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में इस खबर को केवल अफवाह मात्र बताया रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अगर परीक्षा रद्द न हुई तो 1 अक्टूबर तक इसकी आन्सर-की जारी की जा सकती है।