जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लगातार सोना तस्करी पर कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को एक बार फिर कस्टम विभाग ने 872 ग्राम तस्करी का सोना पकड़ा है। यात्री शारजाह से ये सोना लेकर जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचा था।
कस्टम विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को संदिग्ध लगने पर एक यात्री को रोका। अधिकारियों ने यात्री के सामान की तलाशी ली। अधिकारियों ने यात्री से पूछताछ की तो वह संतोषपूर्वक जवाब नहीं दे पाया। सघन तलाशी पर यात्री के पास से 872 ग्राम सोना मिला। वह रोडियम प्लेटेड तारों में छिपाकर लाया सोना था, जिसे ट्रॉली बैग के किनारों में छुपाया गया था। जब्त सोने की कीमत करीब 48.43 लाख रुपये आंकी गई है।
हाल ही में कस्टम विभाग ने जयपुर एयरपोर्ट पर दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 4079.2 ग्राम तस्करी का सोना पकड़ा था। तस्करी के सोने की कीमत करीब 2.9 करोड़ रुपए थी। पकड़े गए दोनों तस्कर दुबई से सोना लेकर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। 29 नवंबर को भी एक यात्री से इमरजेंसी लाइट में सोना पकड़ा था। तस्करी के सोने की कीमत करीब 31.43 लाख रुपए थी।