कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक सोनिया गांधी की रायबरेली में लिखी गई चिट्ठी के मुताबिक ही वहां पर कोई प्रत्याशी उतारा जा सकता है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता कहते हैं कि अभी तक की जानकारी के मुताबिक रायबरेली से प्रियंका गांधी का चुनाव लड़ने का पूरा खाका तैयार किया जा चुका है। उनका कहना है कि सोनिया गांधी ने अपनी चिट्ठी में कुछ इसी तरह का इशारा भी किया था। उसके बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राहुल और प्रियंका के नाम की सिफारिश को आगे भी बढ़ाया गया था। हालांकि वह कहते हैं कि अंतिम फैसला तो प्रियंका गांधी की ओर से ही होगा। उनके फैसले के मुताबिक ही चुनाव कमेटी में रायबरेली सीट पर अंतिम मोहर लगेगी।
सोमवार को होने वाली कांग्रेस की चुनाव समिति की बैठक में सिर्फ उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि गठबंधन में शामिल सियासी दलों के राज्यों की भी चर्चा होगी। अनुमान यही लगाया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के साथ महाराष्ट्र और बिहार समेत कुछ अन्य राज्यों की सीटें भी घोषित की जा सकती हैं। पार्टी से जुड़े नेताओं के मुताबिक सीट शेयरिंग के फॉर्मूले पर तकरीबन सभी राज्यों में बातचीत हो चुकी है। यही वजह है कि अगली चुनाव समिति की बैठकों में तय सीटों पर प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में बहुत आसानी होगी।
इससे पहले कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति की पहली बैठक सात मार्च को हुई थी। इसके अगले दिन 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की गई थी। इसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों के लिए नामों का एलान हुआ था। उसके बाद 11 मार्च को दूसरी बैठक का आयोजन किया ग्राम जिसमें असम, मध्यप्रदेश, राजस्थान से लगभग 43 नामों की सूची को मंजूरी दी गई थी।