फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुर्खियां: शाह बोले- 2029 तक यूसीसी लागू होगा; क्रिकेट-हॉकी-तीरंदाजी में भारत का दबदबा; ज्वेरेव US ओपन चैंपियन

Mon, 14 Sep 2026 06:12 AM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
विज्ञापन
आज की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
आज सोमवार, 14 सितंबर 2026 की सुबह देश-दुनिया की बड़ी खबरों के साथ आपका अमर उजाला फिर हाजिर है। आज की सबसे बड़ी खबर क्रिकेट के मैदान से है, जहां भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को हराकर आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है और पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही। इस ऐतिहासिक जीत के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने एशिया कप जीतने के बाद मोहसिन नकवी के हाथों ट्रॉफी न लेकर उन्हें आईना दिखाया है और अपनी जीत का कड़ा संदेश दिया है। टीम इंडिया की इस शानदार कामयाबी पर देशभर से बधाइयों की बौछार हो रही है और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई दिग्गजों ने बधाई दी है। खेल जगत से दूसरी बड़ी उपलब्धि तीरंदाजी में मिली है, जहां तीरंदाज धीरज ने विश्व कप के रिकर्व स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है और ऐसा करने वाले पहले भारतीय पुरुष बन गए हैं। टेनिस के कोर्ट से बड़ी खबर है कि अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने अमेरिकी खिलाड़ी बेन शेल्टन को कड़े मुकाबले में हराकर यूएस ओपन का खिताब जीत लिया है। देश की राजनीति की बात करें तो अमित शाह ने एलान किया है कि 2029 से पहले सभी भाजपा शासित राज्यों में यूसीसी लागू कर दिया जाएगा और साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री के जन्मदिन को लेकर खास योजनाएं बताई हैं। आज हिंदी दिवस के मौके पर तकनीक के साथ राजभाषा का नया अंदाज देखने को मिल रहा है और मोबाइल स्क्रीन पर हिंदी अपनी नई और मजबूत पहचान बना रही है। दुनिया के दूसरे कोने से यमन की बड़ी खबर है, जहां हूतियों के भीषण हमले में 500 से ज्यादा सैनिक मारे गए हैं और 1500 घायल हुए हैं, जिससे बाब अल मंदेब तक तनाव बढ़ गया है। अंतरराष्ट्रीय राजनीति में डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर तीन दशकों की हिंसा से जुड़े आयरलैंड को एक करने का संवेदनशील मुद्दा उठाकर नया विवाद छेड़ दिया है। ब्रिटेन से एक सनसनीखेज खबर आई है, जहां पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन रूसी ड्रोन हमले में बाल-बाल बचे हैं, क्योंकि उनके ट्रेन से निकलते ही वहां ड्रोन गिर गया था। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में सियासी बवाल हुआ है, जहां नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर समर्थकों के बीच जूते फेंके गए, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पड़ोसी देश चीन में बारिश ने भारी तबाही मचाई है और हैनान प्रांत से करीब 31 हजार लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। और अंत में बॉलीवुड की दुनिया से बड़ी खबर है, जहां बहुचर्चित फिल्म 'रामायण' का पहला गाना 'जय जय राम' जल्द रिलीज होगा, जिसमें संगीत सम्राट एआर रहमान और अरिजीत सिंह की जोड़ी पहली बार साथ आ रही है। देश-दुनिया की ये सभी बड़ी खबरें विस्तार से पढ़ें, एक जगह और एक ही क्लिक में...
विज्ञापन

महिला एशिया कप में भारत का दबदबा: आठवीं बार जीता खिताब, फाइनल में श्रीलंका को हराया; टूर्नामेंट में रहे अजेय

भारतीय महिला टीम - फोटो : BCCI Women
भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका को हराकर आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने दुबई में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका को 72 रनों से हराया। भारतीय टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही और ग्रुप चरण से लेकर फाइनल तक टीम ने दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 183 रन बनाए। भारत के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी की और अर्धशतक जड़े। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवर में 111 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत ने इस तरह श्रीलंका से पुराना हिसाब भी चुकता कर लिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..



भारतीय महिला टीम ने दिखाया आईना: एशिया कप जीतने के बाद नकवी के हाथ से नहीं ली ट्रॉफी, आठवीं बार जीता खिताब
भारतीय महिला टीम ने एशिया कप का खिताब जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी को आईना दिखाया है। महिला टीम ने नकवी के हाथों से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी एशिया क्रिकेट परिषद (एसीसी) के अध्यक्ष भी हैं। इससे पहले, भारतीय पुरुष टीम ने भी नकवी के हाथों ट्रॉफी नहीं ली थी। भारत ने 2025 में पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..


टीम इंडिया की ऐतिहासिक जीत: देशभर से बधाइयों की बौछार, अमित शाह समेत दिग्गजों ने क्या कहा?
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को श्रीलंका को 72 रन से हराकर महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। यूएई में खेले गए फाइनल में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और आठवीं बार यह ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। टीम की इस बड़ी जीत के बाद बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 

तीरंदाज धीरज ने इतिहास रचा: विश्व कप फाइनल की रिकर्व स्पर्धा में जीता स्वर्ण पदक, पहले भारतीय पुरुष बने

धीरज - फोटो : ANI

भारतीय रिकर्व तीरंदाज धीरज बोम्मादेवरा ने रविवार को इतिहास रच दिया। वह विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज बन गए हैं। उन्होंने जापान के नाकानिशी जुन्या को रोमांचक शूट-ऑफ में हराकर यह उपलब्धि हासिल की। इस जीत के साथ धीरज ने भारतीय पुरुष रिकर्व तीरंदाज के लिए 16 साल का इंतजार खत्म किया। जयंत तालुकदार अंतिम पुरुष रिकर्व तीरंदाज थे जिन्होंने 2010 में एडिनबर्ग में कांस्य पदक जीता था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..

ज्वेरेव यूएस ओपन चैंपियन: जर्मन खिलाड़ी ने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी बेन शेल्टन को दी मात, कड़े मुकाबले में जीते

ज्वेरेव - फोटो : IANS

यूएस ओपन 2026 का खिताब अलेंक्जेंडर ज्वेरेव ने अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में 29 साल के चैंपियन जर्मन खिलाड़ी ने अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी बेन शेल्टन के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में ज्वेरेव ने 23 साल के अमेरिकी युवा को चार सेट तक चले मुकाबले में 6-3, 7-6 (7-2), 5-7, 6-2 से मात दी। पहला सेट हारने के बाद शेल्टन ने वापसी का पूरा प्रयास किया और दोनों के बीच दूसरा सेट टाइब्रेकर तक खिंचा। तीसरे सेट में शेल्टन ने ज्वेरेव को चौंकाया और उन्होंने अपने घरेलू स्टेडियम (न्यूयॉर्क) पर करियर का पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल जीतने की उम्मीदें बरकरार रखीं। हालांकि, चौथे और अंतिम सेट में ज्वेरेव ने शेल्टन को चारों खाने चित्त करते हुए करियर का दूसरा ग्रैंड स्लैम अपने नाम किया। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..

'2029 से पहले भाजपा शासित राज्यों में लागू होगा यूसीसी': पीएम के जन्मदिन पर क्या खास? अमित शाह ने बताई योजना

अमित शाह, केंद्रीय गृह मंत्री - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
केंद्र की भाजपा सरकार के बाद अब भाजपा शासित राज्यों में भी समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी को लेकर बड़ा कदम उठाने की तैयारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संकेत दिया है कि 2029 से पहले भाजपा शासित राज्यों में यूसीसी लागू किया जाएगा। इसके साथ ही भाजपा ने पीएम मोदी के जन्मदिन को बड़े सेवा अभियान से जोड़ने की योजना बनाई है। यानी एक तरफ यूसीसी को लेकर राज्यों में आगे बढ़ने की तैयारी है तो दूसरी तरफ मोदी के जन्मदिन से देशभर में एक महीने तक सेवा गतिविधियां चलाने की तैयारी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 

हिंदी दिवस: मोबाइल स्क्रीन पर नई पहचान बना रही है राजभाषा, तकनीक के साथ बदला अंदाज; जानकारों ने कहा विस्तार

विश्व हिंदी दिवस 2026 - फोटो : Amar ujala
हिंदी अब सिर्फ किताबों, अखबारों और दफ्तरों की भाषा नहीं रही। मोबाइल फोन और इंटरनेट ने हिंदी को एक नई जगह दे दी है। दिल्ली में युवा मोबाइल पर हिंदी में संदेश भेज रहे हैं, वीडियो देख रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपनी बात रख रहे हैं। कई लोग हिंदी को देवनागरी में लिखने के बजाय अंग्रेजी अक्षरों में लिख रहे हैं। भाषा के जानकार इसे हिंदी से दूरी नहीं, बल्कि बदलते समय के साथ उसका नया रूप मानते हैं। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 

यमन में हूतियों का बड़ा हमला: मारे गए 500 से ज्यादा सैनिक, 1500 घायल; बाब अल मंदेब तक कैसे पहुंचे?

यमन हूती हमला - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
यमन के पश्चिमी तट पर हूती विद्रोहियों और सरकार समर्थित बलों के बीच करीब एक महीने से चली लड़ाई में भारी संख्या में सैनिकों के मारे जाने का दावा किया गया है। यमन की सरकार समर्थित नेशनल रेजिस्टेंस फोर्सेज के मुताबिक, नौ अगस्त से 10 सितंबर के बीच हुई लड़ाई में उसके 500 से ज्यादा सैनिक मारे गए और करीब 1500 घायल हुए। संगठन ने यह भी दावा किया कि इस दौरान 1000 से ज्यादा हूती सदस्य भी मारे गए और हजारों घायल हुए। हालांकि, इन आंकड़ों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 

एक देश, दो हिस्से और तीन दशक की हिंसा: ट्रंप ने फिर क्यों उठाया आयरलैंड को एक करने का मुद्दा? विवाद की कहानी

डोनाल्ड ट्रंप, अमेरिकी राष्ट्रपति - फोटो : @अमर उजाला ग्राफिक्स
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आयरलैंड की अपनी यात्रा के दौरान एक ऐसे मुद्दे पर खुलकर राय रख दी, जिस पर ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच लंबे समय से गहरी राजनीतिक और भावनात्मक खाई रही है। ट्रंप ने कहा कि वह आयरलैंड को एक होते देखना चाहते हैं। रविवार को आयरलैंड के डूनबेग में अपने गोल्फ कोर्स पर आयरिश ओपन के दौरान उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि आयरलैंड और उत्तरी आयरलैंड को एक साथ कर देना दुनिया की सबसे स्वाभाविक चीजों में से एक है। एक दिन पहले उन्होंने एकीकृत आयरलैंड को ‘शानदार’ बताया था। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर...

बाल-बाल बचे ब्रिटेन के पूर्व PM बोरिस जॉनसन: ट्रेन निकलने के मिनटों बाद बरसा रूसी ड्रोन; क्या था असली निशाना?

रूस ने किया ड्रोन हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर) - फोटो : @AI/अमर उजाला ग्राफिक्स
यूक्रेन-पोलैंड सीमा के पास रविवार को एक ट्रेन पर रूसी ड्रोन ने हमला किया। खास बात यह है कि हमले से कुछ मिनट पहले ही एक राजनयिक ट्रेन वहां से गुजर चुकी थी। इस ट्रेन में ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन, स्वीडन के पूर्व प्रधानमंत्री कार्ल बिल्ड्ट और यूरोपीय संघ के कई देशों के सुरक्षा सलाहकार मौजूद थे। यूक्रेन की सरकारी रेलवे कंपनी उक्रजालिज्नित्सिया ने कहा कि इस बात की काफी संभावना है कि रूसी ड्रोन का असली निशाना यही राजनयिक ट्रेन थी। हालांकि, ट्रेन तय समय से पहले ही स्टेशन से रवाना हो गई थी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 

यूपी: सांसद चन्द्रशेखर पर फेंके गए जूते, समर्थकों के हुजूम के बीच पहुंचे एसपी ऑफिस; दो के खिलाफ तहरीर

सांसद चन्द्रशेखर पर फेंके गए जूते। - फोटो : अमर उजाला।

गोंडा जाने से रोके जाने के बाद रामनगर से लखनऊ लौट रहे सांसद एवं आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर को शनिवार देर शाम शहर के पास पुलिस ने एक बार फिर रोक लिया। इससे नाराज चंद्रशेखर वाहन से नीचे उतर आए और सीधे एसपी कार्यालय पहुंच गए। उनके पीछे समर्थकों की भारी भीड़ भी एसपी कार्यालय पहुंच गई। कुछ ही देर में चंद्रशेखर ने एएसपी साउथ रितेश कुमार सिंह से मुलाकात कर कार्यकर्ताओं पर पथराव का आरोप लगाया। करणी सेना के अभिनव सिंह के इशारे पर ऐसा हुआ। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..

चीन में शहर-शहर बारिश का कहर: हैनान प्रांत से 31 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; अभी कैसे हैं हालात?

चीन में बारिश बनी आफत - फोटो : Amar Ujala Graphics
चीन के हैनान प्रांत में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण जोखिम वाले इलाकों से 31 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रांतीय आपदा रोकथाम और राहत समिति के मुताबिक, रविवार शाम 7:50 बजे तक कुल 31,564 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। हालांकि, अब तक किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 
विज्ञापन

रामायण: कब जारी होगा फिल्म का पहला गाना 'जय जय राम'? मेकर्स ने दी जानकारी; एआर रहमान और अरिजीत करेंगे सहयोग

फिल्म रामायण - फोटो : सोशल मीडिया
नितेश तिवारी की अपकमिंग फिल्म ‘रामायण’ पहले से ही खूब चर्चा में है। अब मेकर्स गणेश चतुर्थी पर फिल्म के म्यूजिकल कैंपेन की शुरुआत करने जा रहे हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का ‘सिया राम पोस्टर’ रिलीज किया जाएगा। इसके बाद फिल्म का पहला गाना ‘जय जय राम’ पेश किया जाएगा। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर..
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें